- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- यूरिया उपलब्धता,...
उत्तर प्रदेश
यूरिया उपलब्धता, बालिका शिक्षा और अटल शताब्दी आयोजनों पर यूपी शासन के निर्देश
SHIDDHANT
17 Dec 2025 9:19 PM IST

x
Lucknow लखनऊ। प्रदेश में उर्वरक आपूर्ति, शैक्षिक संस्थानों की स्थिति और अटल बिहारी वाजपेयी शताब्दी जयंती वर्ष के समापन कार्यक्रमों को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कहा कि खाद आवंटन एवं वितरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
बैठक में उर्वरक (यूरिया) की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य के बफर स्टॉक में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है, इसके बावजूद कुछ जनपदों से विक्रय केंद्रों पर खाद की अनुपलब्धता की शिकायतें मिल रही हैं, जो गंभीर है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सहकारी एवं निजी विक्रय केंद्रों पर न्यूनतम 25 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी केंद्र पर यूरिया का स्टॉक शून्य नहीं होना चाहिए। निर्धारित मूल्य पर ही खाद की बिक्री सुनिश्चित कराई जाए और ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित निजी विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराई जाए। अन्य उर्वरक उत्पादों की टैगिंग पर भी कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज कर शत-प्रतिशत पद भरना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नए सत्र से पहले सभी केजीबीवी पूर्ण स्टाफ, आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित होने चाहिए। जिन विद्यालयों में शौचालय, कंप्यूटर रूम और छात्रावास से संबंधित निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएं। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 746 केजीबीवी में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें। विद्यालय परिसरों की चहारदीवारी मानक के अनुरूप ऊंची और कंटीले तार युक्त होनी चाहिए। बालिकाओं और स्टाफ की उपस्थिति की ऑनलाइन निगरानी तकनीकी फ्रेमवर्क के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।
भोजन की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निर्धारित समिति द्वारा भोजन की नियमित जांच कराई जाए और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा भी समय-समय पर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। आकांक्षा समिति की सदस्याओं एवं गणमान्य महिलाओं को विजिटर नामित कर प्रत्येक 15 दिन में विद्यालयों का निरीक्षण कराया जाए तथा छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। मुख्यमंत्री मॉडल स्कूलों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने फेज-1 में सोनभद्र और मुरादाबाद तथा फेज-2 में मुरादाबाद, गाजीपुर, हापुड़, मथुरा, मऊ, मुजफ्फरनगर, संभल, शामली और सिद्धार्थनगर सहित शेष 11 जनपदों में भूमि चिन्हांकन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन विद्यालयों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सभी कार्य समयावधि के भीतर पूरे कराए जाएं। बैठक में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती वर्ष (2024–25) के समापन कार्यक्रमों की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 25 दिसंबर 2025 को प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भव्य और समारोहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाए। कार्यक्रमों का उद्देश्य एक युगपुरुष को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करना और युवाओं एवं नागरिकों को अटल जी के जीवन, विचारों और आदर्शों से प्रेरित करना होगा।
उन्होंने बताया कि 18 से 22 दिसंबर 2025 के बीच प्रदेश के सभी इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में निबंध, भाषण और एकल काव्य पाठ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकतम छात्र-युवा भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जनपद-स्तरीय समारोहों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए और राज्य-स्तरीय समारोह, लखनऊ की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि निबंध लेखन प्रतियोगिता (1000 शब्द) में कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थी भाग लेंगे, विषय “भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं सुशासन” रहेगा। इसमें प्रथम पुरस्कार 5,000 रुपए, द्वितीय 3,000 रुपए और तृतीय 2,000 रुपए होगा।
भाषण प्रतियोगिता स्नातक एवं परास्नातक छात्रों के लिए होगी, विषय “सुशासन का महत्व (अटल की उपलब्धियों के संदर्भ में)” रहेगा, जिसमें प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपए, द्वितीय 5,000 रुपए और तृतीय 2,500 रुपए निर्धारित है। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में वाजपेयी के जीवन एवं उनकी कविताओं पर आधारित प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपए, द्वितीय 5,000 रुपए और तृतीय 2,500 रुपए के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। राज्य-स्तरीय समारोह लखनऊ के लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा। वहीं संस्कृति विभाग द्वारा सायं 6 से 8 बजे तक उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में सांस्कृतिक कार्यक्रम और काव्य पाठ विजेताओं की प्रस्तुतियां होंगी। इसके साथ ही अटल जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में “स्वच्छ भारत–स्वस्थ भारत” थीम पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
Tagsउत्तर प्रदेश प्रशासनमुख्य सचिव एसपी गोयलउर्वरक आपूर्तियूरिया स्टॉककेजीबीवीशिक्षा व्यवस्थामुख्यमंत्री मॉडल स्कूलअटल बिहारी वाजपेयी शताब्दी जयंतीप्रतियोगिताएंसुशासनलखनऊजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





