उत्तर प्रदेश

UP Flood: मऊ में बाढ़ ने मचाई तबाही, स्कूल-कालेज बंद

Bharti Sahu 2
27 Aug 2024 5:32 AM GMT
UP Flood: मऊ में बाढ़ ने मचाई तबाही, स्कूल-कालेज बंद
x
UP Flood: सरयू नदी में छोड़े गए साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी का असर अब दिखने लगा है। दोहरीघाट नगर के निचले हिस्सों में नालों के रास्ते बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घुसने लगा है। बंधों के आसपास फसलें जलमग्न हो गई। क्षेत्र के दर्जनों से अधिक गांवों के समीप पानी पहुंच गया है और संपर्क मार्गो पर डेढ़ फीट से अधिक पानी भरने के कारण ग्रामीणों को आने जाने में असुविधा हो रही है।पहाड़ों व मैदानी इलाकों में हो रही भीषण बारिश से सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सरयू के निचले इलाकों में पानी घुस गया है। मधुबन क्षेत्र के स्कूल कालेज बंदकर दिए गए हैं। दोहरीघाट के मल्लाहटोला व अनुसूचित बस्ती में पानी घुस गया है।
नाले से नदी का पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर रहा है। अब नदी का पानी तबाही की ओर चल पड़ा है। नदी निर्धारित खतरा बिंदु 69:90 मीटर पार कर 85 सेमी ऊपर बह रही है। इस समय नदी का जलस्तर 70.75 मीटर पर है। बीते 24 घंटे में सरयू नदी के जलस्तर में पांच सेमी की वृद्धि हुई है। सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच बंधों पर दबाव बढ़ता ही जा रहा है। नदी बंधों से सट कर बह रही है। चिऊटीडांड रिंग बंधा, महुला गढ़वल बांध, बीबीपुर बेलौली बंधा, धनौली मुक्तिधाम पर सरयू की सीधी लहरें टकरा रही है। बीबीपुर-बेलौली बंधे पर समय सबसे अधिक दबाव आ गया है। इसके चलते आस-पास के ग्रामीण इलाकों में जबरदस्त हड़कंप मचा हुआ है। सिंचाई विभाग द्वारा बंधों पर बोल्डर गिराकर बंधें को मजबूत किया जा रहा है।
Next Story