उत्तर प्रदेश

Unnao: गंगा हादसे में तांगा चालक की जान गई

Admindelhi1
6 Oct 2025 2:57 PM IST
Unnao: गंगा हादसे में तांगा चालक की जान गई
x

उन्नाव: गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से एक तांगा चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माइल (50) निवासी मनसा खेड़ा के रूप में हुई है। शव की पहचान उनके बेटे गुलज़ार ने की।

सोमवार सुबह रविदास नगर घाट के पास स्थानीय लोगों ने गंगा में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसी दौरान मनसा खेड़ा निवासी गुलज़ार ने अपने पिता इस्माइल के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उसे रविदास नगर घाट पर बुलाया, जहाँ उसने शव को अपने पिता इस्माइल के रूप में पहचान लिया।

परिवार के अनुसार, इस्माइल तांगा चलाकर परिवार का गुज़ारा करते थे। वह सुबह बिना बताए घर से निकले थे और शाम तक वापस नहीं लौटे। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की थी। मृतक के परिवार में पत्नी सदरुल, बेटी मुस्कान (18), और दो बेटे गुलज़ार (16) व अनस (15) हैं। इस्माइल परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

कोतवाली प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि इस्माइल नहाते समय या फिसलकर गंगा में गिर गए होंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Story