उत्तर प्रदेश

Unnao: अधजले शव से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Admindelhi1
31 March 2025 11:59 AM IST
Unnao: अधजले शव से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
x
"अधजला शव मिलने से हड़कंप"

उन्नाव: फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर नरीगाड़ा गांव में एक किसान और अनाज व्यापारी का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव तालाब किनारे बबूल के पेड़ के नीचे पड़ा था, जबकि गले में जली हुई रस्सी का फंदा और पेड़ पर भी रस्सी बंधी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की। हालांकि, परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें दो चोटों के निशान मिले, लेकिन मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी, इसलिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।

सुबह शौच के लिए निकले थे, तालाब किनारे मिला अधजला शव

मृतक की पहचान 50 वर्षीय कमलेश राठौर पुत्र स्व. कल्लू के रूप में हुई, जो खेती के साथ अनाज की खरीद-बिक्री करता था। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने तालाब किनारे बबूल के पेड़ के नीचे उसका अधजला शव देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बबूल के पेड़ से एक रस्सी बंधी थी और कमलेश के गले में भी जली हुई रस्सी का फंदा था। पास में उसकी चप्पलें भी जली हुई मिलीं।

बेटे विनोद के अनुसार, कमलेश सुबह 4 बजे घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद पड़ोसी जुम्मन ने उनके शव पड़े होने की सूचना दी। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मालती गहरे सदमे में हैं, जबकि बेटी चांदनी अभी अविवाहित है।

पुलिस जांच में उलझी गुत्थी, सभी पहलुओं की हो रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र और सीओ माया राय मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएमओ द्वारा गठित पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डॉ. शिव प्रताप सिंह (न्यू पीएचसी दबौली) और डॉ. राहुल बिहारी (पुरवा सीएचसी) शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर दो चोटें मिलीं, लेकिन मौत का स्पष्ट कारण नहीं पता चल सका, इसलिए बिसरा सुरक्षित कर लिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों ने नहीं जताया शक

सीओ माया राय ने बताया कि घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। एसओ ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

फिलहाल, यह हत्या का मामला है या आत्महत्या, इस पर पुलिस की जांच जारी है।

Next Story