उत्तर प्रदेश

Unnao: सड़क हादसा में तेज रफ्तार ने ली तीनों की जान

Admindelhi1
24 Jan 2026 4:04 PM IST
Unnao: सड़क हादसा में तेज रफ्तार ने ली तीनों की जान
x

उन्नाव: जनपद उन्नाव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा अचलगंज–पुरवा मार्ग पर भूलेमऊ गांव के सामने मोड़ पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लोन नदी के पुल की दीवार से जा टकराई। तीनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के अढोली गांव निवासी अनुराग (31), बैसनखेड़ा गांव निवासी राहुल (26) पुत्र कालीप्रसाद और पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव निवासी सौरभ गौतम (25) पुत्र संतोष कुमार गुरुवार रात करीब 12:15 बजे बाइक से अचलगंज से पुरवा की ओर जा रहे थे। बाइक अनुराग चला रहा था।

जैसे ही उनकी बाइक अचलगंज–पुरवा मार्ग पर भूलेमऊ गांव के सामने मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और सीधे लोन नदी पुल की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अनुराग और राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सौरभ गौतम की भी प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। तीनों की मौत की खबर सुनते ही परिवारों में कोहराम मच गया। मृतक अनुराग के चाचा नेत्रपाल ने बताया कि अनुराग पेशे से ट्रक चालक था। राहुल दूध का काम करता था, जबकि सौरभ जेसीबी चालक था।

बताया गया कि तीनों युवक किसी काम से एक साथ बाइक से निकले थे। अनुराग और राहुल, सौरभ को उसके गांव तौरा छोड़ने जा रहे थे। राहुल दो भाइयों में बड़ा था, जबकि अनुराग तीन भाइयों में सबसे छोटा था। राहुल की मौत से उसकी मां रेनू और अनुराग की मौत से मां मुन्नी देवी समेत अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।

इस संबंध में कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मोड़ पर बाइक की तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story