- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Unnao: आगरा-लखनऊ...
Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में हेड कॉन्स्टेबल और उनके दो बच्चों की मौत

उन्नाव: मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ के माइलस्टोन 231 के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। महाकुंभ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस और एक कार की भीषण टक्कर में हेड कॉन्स्टेबल राघवेन्द्र सिंह, उनके पांच साल के बेटे श्रेष्ठ और एक साल की बेटी बेबी की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी नंदनी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसा सुबह 6 बजे हुआ, जब कन्नौज के अरवल निवासी हेड कॉन्स्टेबल राघवेन्द्र सिंह अपने परिवार के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। वे सचिवालय में दीवान पद पर कार्यरत थे। उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी और सामने से आ रही ट्रैवलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन पलट गए।
इस दुर्घटना में ट्रैवलर में सवार 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ड्राइवर केबिन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने राघवेन्द्र सिंह, उनके बेटे और बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी नंदनी का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही राघवेन्द्र सिंह के पिता अस्पताल पहुंचे, जहां अपने बेटे, पोते और पोती का शव देखकर वे बिलख पड़े।
ट्रैवलर सवार श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ, काशी और अयोध्या के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद ट्रैवलर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सीओ बांगरमऊ अरविंद चौरसिया ने बताया कि हादसा कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने के कारण हुआ, जिससे सामने से आ रही ट्रैवलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





