उत्तर प्रदेश

Unnao अवैध संबंध शक के चलते पति ने चाकू से पत्नी की कर दी हत्या

Tara Tandi
18 July 2024 7:43 AM GMT
Unnao अवैध संबंध शक के चलते पति ने चाकू से पत्नी की कर दी हत्या
x
unnaoउन्नाव । अवैध संबंधों के शक के चलते प्रतिशोध में जल रहे पति ने चाकू से पत्नी के सीने व चेहरे में सात वार कर मौत के घाट उतारा था। बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ। इससे पूर्व भी कई बार दोनों में इसे लेकर मारपीट हुई थी। जिसमें बाद में सुलह समझैता हो गया था। महिला अपने मायके से भी संबंध नहीं रखती थी। हालांकि उसकी मौत पर बड़ा भाई पहुंचा और अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ।
शहर के गदनखेड़ा मोहल्ले में नगर
पालिका की गौशाला के पास किराए पर अमित श्रीवास्तव उर्फ पिंटू लाला बड़े वाहनों का कमानी मिस्त्री था। उसकी 2015 में रजनी (35) से शादी हुई थी। इसके बाद शहर के कलक्टरगंज फाटक में पुराने मकान में अपना हिस्सा बेच दिया और किराए के मकान में रहने लगा था। उसका एक बेटा है।
चर्चा है कि रजनी किसी से फोन पर बात करती थी। इसका पति विरोध करता था। इसकी शिकायत उसने उसके मायके में भी की थी लेकिन, माता-पिता के न होने से वह किसी की बात नहीं सुनती थी। इससे मायके में भाइयों ने भी उससे दूरी बना ली थी। कई महीने पूर्व अमित को बुखार आने पर दवाई लेने निकली रजनी कई घंटे बाद लौटी थी।
इससे नाराज पति ने उसकी डंडों से पिटाई की थी। उसके सिर में चोट आई थी और करीब सात दिन तक उसका जिला अस्पताल में इलाज भी चला था। लेकिन, बाद में सुलह हो गई थी। चर्चा यह भी रही कि पति के जाने के बाद अक्सर एक युवक उसके घर आता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी रजनी किसी से फोन पर बात कर रही थी। पति ने इसी से गुस्सा कर मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। इस पर विवाद बढ़ा और गुस्साए अमित ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और रजनी के सीने पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। इससे उसके फेफड़ा व हृदय फट गया। उसने चेहरे पर भी तीन वार किए। चीख सुन उसे अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार को पति ने रजनी का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इस पर भाई रवि ने पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। वहीं अमित का भी कोई परिजन मोर्चरी नहीं पहुंचा। उसके दो भाई शहर के कलक्टरगंज फाटक में रहते हैं। एसएचओ प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद भाई ने अंतिम संस्कार किया है।
Next Story