उत्तर प्रदेश

Unnao: कपकपाती सर्दी में अभ्युदय ने बढ़ाई मदद की पहल

Admindelhi1
5 Jan 2026 10:45 AM IST
Unnao: कपकपाती सर्दी में अभ्युदय ने बढ़ाई मदद की पहल
x

उन्नाव: कपकपाती सर्दी के बीच जहां लोग अत्यंत आवश्यक कार्यों के लिए ही घर से बाहर निकलने को विवश हैं, वहीं अभ्युदय सेवा संस्थान पिछड़े क्षेत्रों एवं ईंट-भट्ठों पर कार्यरत जरूरतमंद और वंचित लोगों की तलाश कर उनके तन ढकने के लिए वस्त्र व जूतों की समुचित व्यवस्था कर रहा है। यह बातें संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रभात सिन्हा ने अभ्युदय सेवा संस्थान द्वारा संचालित मुस्कान घर एवं आशा एनजीओ के माध्यम से सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र के हफीजाबाद ग्राम स्थित पांडेय ब्रिक कंपनी पर वस्त्र वितरण कार्यक्रम के दौरान कहीं।

आशा एनजीओ के अध्यक्ष नवीन द्विवेदी मीरा ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के बीच वस्त्र व अन्य आवश्यक सामग्री वितरण के बाद उनके चेहरों पर आई मुस्कान ईश्वर की इबादत से मिलने वाली संतृप्ति के समान है। संस्थान के संरक्षक अखिलेश ओमर ने बताया कि मुस्कान घर के माध्यम से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं पुरुषों सहित 500 से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया, जिसमें बच्चों को जैकेट, स्वेटर, जींस, शर्ट व जूते तथा महिलाओं को साड़ी, ऊनी सूट, स्वेटर आदि वितरित किए गए। चिप्स, बिस्किट व टॉफी पाकर खिल उठे चेहरों को देखकर ब्रिक कंपनी के स्वामी राहुल पांडेय ने संस्थान के समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में आलोक शुक्ल, राकेश द्विवेदी, सत्यम शर्मा, कर्तव्य बाजपेई, राज शुक्ला, नीरज सिंह, संतोष बॉथम, अभिषेक कुमार सहित कई सहयोगी उपस्थित रहे।

Next Story