उत्तर प्रदेश

संयुक्त खेल मोर्चा ने किसानों की मांगों को दिया समर्थन

Shantanu Roy
6 Feb 2023 11:15 AM GMT
संयुक्त खेल मोर्चा ने किसानों की मांगों को दिया समर्थन
x
मुजफ्फरनगर। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे भारतीय किसान यूनियन के अनिश्चितकालीन धरने के 9वें दिन आज विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ संयुक्त खेल मोर्चा संगठन व अखिल भारतीय जाट महासभा ने भी अपना समर्थन धरने को दिया। धरना स्थल पर आयोजित दंगल में पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत व राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे किसानों के अनिश्चितकालीन धरने के दौरान पहलवान भी समर्थन देने पहुंचे।
इस मौके पर जीआईसी मैदान में दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने जोर आजमाइश की। युवा भाकियू नेता गौरव टिकैत ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर संयुक्त खेल मोर्चा संगठन के परम राठी ने कहा कि सरकार को किसानों की बात सुननी होगी। यदि किसान और मजदूर खुश नहीं होगा, तो देश भी खुशहाल नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर व नौजवानों का सरकार को विशेष ध्यान रखना चाहिए, जब किसान-मजदूर ही परेशान रहेंगे, तो देश कैसे खुशहाल रह पायेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार को किसानों की मांगों पर तुरंत कोई एक्शन लेना चाहिए, ताकि धरना समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की सभी मांगे नहीं मानी जायेगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
Next Story