- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अनियंत्रित क्रेन ने...

x
बांदा। बेकाबू क्रेन ने सड़क किनारे पेड़ के नीचे बैठे चाचा-भतीजे को रौंद दिया। तेज रफ्तार क्रेन उन्हें घसीटते हुए दूर ले गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देखकर ग्रामीण दौड़ पड़े। चालक क्रेन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर परिजन व ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने क्रेन पर पथराव कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे के जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सूचना पर आधा दर्जन से अधिक थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में वहां पहुंचे सीओ के समझाने पर ग्रामीण मान गए और जाम खुल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतर्रा थाना क्षेत्र के दिखितवारा गांव के मजरा छोटू यादव का पुरवा निवासी सत्येंद्र उर्फ भुजंगी (18) पुत्र माता प्रसाद गुरुवार की सुबह अपने भतीजे संतोष उर्फ मन्ना (10) पुत्र राजाबाबू के साथ मवेशी चराने खेत गए थे। दोपहर करीब तीन बजे मवेशी खेत में छोड़ दिया। दोनों लोग सड़क से हटकर एक महुआ के पेड़ के नीचे धूप से बचने के लिए बैठ गए। इसी बीच अतर्रा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार क्रेन ने दोनों को रौंद दिया। दोनों चाचा-भतीजे क्रेन में फंसकर घसिटते हुए करीब 100 मीटर दूरी तक चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।
हादसे को देख ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने क्रेन चालक का पीछा किया। वह क्रेन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने क्रेन को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने पथराव कर क्रेन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम करीब एक घंटे तक लगा रहा।
ग्रामीणों का हंगामा बढ़ता देख अतर्रा, बदौसा, फतेहगंज, नरैनी, बिसंडा आदि थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने जाम लगाए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। उनकी मांग थी, कि मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा क्रेन चालक को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस के समझाने के बावजूद भी ग्रामीण नहीं माने। बाद में सीओ अतर्रा, सीओ नरैनी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों को चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Admin4
Next Story