उत्तर प्रदेश

उज्जैन क्राइम ब्रांच की टीम ने चंदौसी में साइबर ठगी ,मामले में चल रही जांच

Tara Tandi
27 May 2024 3:49 PM IST
उज्जैन क्राइम ब्रांच की टीम ने चंदौसी में साइबर ठगी  ,मामले में चल रही जांच
x
संभल : मध्य प्रदेश की उज्जैन क्राइम ब्रांच ने रविवार को चंदौसी के राज मोहल्ले से साइबर ठगी के मामले में युवती समेत छह लोगों को उठाया है। इसमें एक युवक को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। जिसके खिलाफ उज्जैन कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी ने लाखों रुपये का ऑनलाइन फ्राड कर पैसे चंदौसी में परिचितों के खाते में ट्रांसफर कराए थे। इंस्पेक्टर क्राइम ब्रांच उज्जैन के प्रभारी अमित कुमार टीम के साथ चंदौसी कोतवाली पहुंचे।
स्थानीय पुलिस को साथ लेकर राज मोहल्ले में दबिश देकर साइबर ठगी के मामले में एक युवक को हिरासत में लेने के बाद युवती समेत पांच और लोगों को उठाया। क्राइम ब्रांच की टीम ने सभी को कोतवाली लाकर पूछताछ की।
क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि चंदौसी के राज मोहल्ले के युवक ने उज्जैन के कई लोगों के अकाउंट हैक कर ठगी की। उसने साइबर की मदद से ऑनलाइन फ्राॅड कर लाखों रुपये चंदौसी के लोगों के अकाउंट में ट्रांसफर किए है।
आरोपी के खिलाफ उज्जैन कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम चंदौसी पहुंची थी। देररात तक टीम कोतवाली में सभी आरोपियों से पूछताछ करती रही।
परिचितों के खातों में ट्रांसफर कराता था फ्राड का पैसा
उज्जैन क्राइम ब्रांच ने छह लोगों को चंदौसी से उठाया था। जिसमें एक व्यक्ति ने बताया कि राज मोहल्ला निवासी युवक उसका परिचित है। दो महीने पहले उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए रिश्तेदार से पैसे ट्रांसफर कराने की बात कही।
जिसके बाद उसके खाते में 1.5 लाख रुपये ट्रांसफर करा दिए, जोकि उसने तभी निकलवा लिए। वहीं युवती के खाते में 3.5 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर कराई थी। हालांकि युवती इससे अंजान है। उसने बताया कि आरोपी युवक उसके भाई का परिचित है। उसने भाई से बात कर उसके खाते में पैसे ट्रांसफर कराए थे।
Next Story