उत्तर प्रदेश

त्यागी समाज करेगा लवली शर्मा का समर्थन

Admin Delhi 1
30 April 2023 9:04 AM GMT
त्यागी समाज करेगा लवली शर्मा का समर्थन
x

मुजफ्फरनगर: केन्द्र व प्रदेश में सत्तासीन भाजपा पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा है कि भाजपा का विरोध लगातार जारी रहेगा और आने वाले निकाय चुनाव में भी भाजपा का हाल खतौली जैसा कर देंगे। खतौली उपचुनाव की तरह ही भाजपा को एक बार फिर झटका लगेगा और निकाय चुनाव में तगडी हार मिलेगी।

उन्होंने कहा है कि मुजफ्फरनगर से गठबंधन प्रत्याशी लवली शर्मा समाज की बेटी है, उन्हें जिताने में जी-जान लगा देंगे। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने त्यागी सभा भवन फ्रेंड्स कॉलोनी में प्रेस वार्ता कर भाजपा का विरोध करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने भाजपा द्वारा जनपद में समाज के लोगों को सिर्फ 2 सभासदों का टिकट देकर अनदेखी करने का भी आरोप लगाया है।

मांगेराम त्यागी ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के खिलाफ भी कड़ी नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि मुजफ्फरनगर नगर पालिका परिषद सीट से गठबंधन प्रत्याशी लवली शर्मा हमारे समाज की बेटी है, हम उसको जिताने का काम करेंगे और लवली शर्मा की जीत सुनिश्चित करने के लिये जी-जान लगा देंगे।

मांगेराम त्यागी ने कहा कि त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज भाजपा को 99 प्रतिशत वोट करता है, लेकिन भाजपा ने टिकट बंटवारे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाज की अनदेखी की है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी का समाज द्वारा विरोध होगा। पत्रकार वार्ता में मांगेराम त्यागी ने बोलते हुए कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है और जिस तरह हमने खतौली विधानसभा उपचुनाव में विरोध किया था, अब भी हम निकाय चुनाव में भाजपा का विरोध करेंगे और खतौली उपचुनाव की तरह ही निकाय चुनाव में भी धूल चटा देंगे।

मांगेराम त्यागी अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूपी सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल पर काफी आक्रामक नजर आये। उन्होंने कहा कि मंत्री कपिल देव की वजह से ही त्यागी ब्राह्मण समाज भाजपा से खफा है। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से दीपक त्यागी उर्फ बॉबी त्यागी, उमेश त्यागी, मास्टर सत्यवीर त्यागी, आशीष त्यागी आदि लोग मौजूद रहे।

Next Story