उत्तर प्रदेश

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का त्यागी समाज ने किया विरोध, घंटों हुआ हंगामा

Shreya
6 Aug 2023 5:11 AM GMT
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का त्यागी समाज ने किया विरोध, घंटों हुआ हंगामा
x

गाजियाबाद । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप का त्यागी समाज के लोगों ने करीब दो घंटे तक घेराव किया। त्यागी समाज के लोगों ने स्वतंत्र देव सिंह एवं भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह लोग भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बयान से खफा थे। उनका कहना था कि स्वतंत्र देव ने मुज़फ्फरनगर के शुक्रतीर्थ में त्यागी समाज एवं दो अन्य समाजों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। काफी गहमागहमी के बाद त्यागी समाज के लोग वापस चले गए। जिसके बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने एक वीडियो बयान जारी करके माफ़ी मांगी है।

दरअसल प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंत्री नरेंद्र कश्यप और संगठन के अन्य पदाधिकारी आज यहां मानसरोवर भवन में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए आए थे। यह प्रशिक्षण वर्ग पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था। इसी दौरान त्यागी समाज का प्रतिनिधिमंडल भूपेंद्र चौधरी से मिला, लेकिन बाद में त्यागी समाज के नेता मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में समाज के अनेक कार्यकर्ता मानसरोवर गेट पर बैठ गए और जमकर हंगामा किया।

इन लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब डेढ़-दो घंटे तक प्रदेश अध्यक्ष व् नरेंद्र कश्यप को बाहर नहीं आने दिया। बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने इन लोगों की बातें सुनीं और कहा कि इस संबंध में जो भी हो सकेगा करेंगे, लेकिन स्वतंत्र देव अपने बयान पर खेद व्यक्त कर चुके हैं इसलिए अब कोई मामला नहीं बनता है।

त्यागी समाज के लोग चाहते थे कि मंत्री खुद सामने आकर माफी मांगें। हंगामे की सूचना पर बैठक में मौजूद मंत्री नरेंद्र कश्यप बाहर निकल कर आए। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जिसके बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर कुछ लोगों का डेलिगेशन लेकर अंदर गए।

उनकी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी से बातचीत कराई। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने वीडियो जारी किया। जिसमें उन्होंने अपने बयान पर खेद जताया। लोगों से आंदोलन स्थगित करने की अपील की।

उसके बाद त्यागी समाज के लोग वहां से लौट गए। इस दौरान करीब 1 घंटे तक धरना चला।

आपको बता दे कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को मुजफ्फरनगर जिले के शुक्रताल आए थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी वहां पर मौजूद थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए त्यागी समाज की लड़कियों को लेकर एक बयान दिया था।

उन्होंने कहा था, “2017 के पहले जो बेटा 10 साल का था। आज उसकी आयु 17 साल हो गई है। उसको यह मालूम नहीं होगा कि कश्यप की बेटी को कैसे उठाकर, सैनी की बेटी को कैसे उठाकर, त्यागी की बेटी को कैसे उठाकर रेप करके हत्या कर दी जाती थी। थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होती थी।” इसी बयान को लेकर त्यागी समाज तभी से गुस्से में है।

प्रदेश अध्यक्ष के विरोध के बाद कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने वीडियो बयान जारी कर सफाई दी। उन्होंने 22 जुलाई को दिए गए अपने बयान के बारे में कहा कि उनका मकसद किसी को आहत करने का नहीं था, बल्कि वह 2017 से पूर्व की सरकारों के दौरान प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था के बारे में लोगों को बताना चाहते थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी के दिल को चोट पहुंची हो तो वह उन शब्दों को वापस ले रहे हैं।

Next Story