उत्तर प्रदेश

तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

Rani Sahu
26 Sep 2022 3:16 PM
तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
x
हल्द्वानी, शहर में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गैस की गाड़ी चलाने वाला गोकुल नगर दमुवाढूंगा निवासी किशन राम (38) पुत्र देव राम बीते रविवार को अपने दोस्त के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर जा रहा था। बताया जाता है कि इसी बीच दमुवाढूंगा में बुलेट और छोटा हाथी की टक्कर हो गई। हादसे में किशन बुरी तरह घायल हुआ। उसे उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इधर, दूसरे मामले में मुखानी चौराहे से क्रियाशाला को जाने वाली नहर कवरिंग पर सत्यम चाट के सामने कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। यह घटना सुबह साढ़े पांच से छह बजे के बीच हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसा अत्यधिक रफ्तार की वजह से हुआ और हादसे में बाइक सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिये घायलों को अस्पताल भेजा। तीसरे मामले में काठगोदाम पुलिस ने बताया कि मूलरूप मोतिया पाथर निवासी चंदन सिंह (35) पुत्र स्व.धर्म सिंह यहां रेशमबाग गौलापार में रहते थे। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व बाइक सवार चंदन अपने घर की तरफ जा रहे थे, तभी रेशमबाग के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्हें एसटीएच भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सोर्स -अमृत विचार

Next Story