- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मिनी लोडर वाहन से कार...

x
मथुरा के थाना महावन क्षेत्र में सोमवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। माइलस्टोन 116 के समीप तड़के करीबन तीन बजे आगरा की तरफ से नोएडा जा रहे मिनी लोडर वाहन से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार सवार लोग अपने रिश्तेदार की बेटी का लगन टीका लेकर शनिवार को कानपुर गए थे। वहां से वापस लौटते समय महावन थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 116 के समीप सब्जी से भरे लोडर वाहन से कार टकरा गई। बताया गया है कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय घना कोहरा छाया हुआ था।
लोडर वाहन से टक्कर से होते ही चीख-पुकार मच गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले लोगों ने हादसे की सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी और थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायलों कार से निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इन लोगों की हुई मौत
हादसे में चंद्रपाल निवासी गरिमा गार्डन गाजियाबाद, राजेश निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली की मौत हो गई है। कार सवार यशपाल, सन्नी, आकाश उर्फ आशु, सुभाष, कैलाश, सुशील घायल हुए हैं। मिनी लोडर का चालक और परिचालक भी घायल है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में मरने वाले चंद्रपाल और राजेश साढू भाई थे। दोनों अपने साले दिल्ली निवासी सुशील की बेटी की शादी का टीका लेकर कानपुर गए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन मथुरा पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। थाना निरीक्षक मोहित तोमर ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Next Story