- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सड़क किनारे व्यायाम कर...
उत्तर प्रदेश
सड़क किनारे व्यायाम कर रहे दो दोस्तों की हादसे में मौत, फौज में भर्ती की कर रहे थे तैयारी
Tara Tandi
6 Oct 2023 6:06 AM GMT

x
फौज में भर्ती के लिए दौड़ लगाने निकले गांव किसौली निवासी वरुण (13) और सुमित यादव (14) को व्यायाम करते समय तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे। तीनों को गंभीर चोट आई है।
यह हादसा बहजोई थाना क्षेत्र में संभल-बहजोई मार्ग पर स्थित गांव किसौली में सुबह करीब छह बजे हुआ। वरुण कक्षा छह का छात्र था, जबकि सुमित कक्षा आठ में पढ़ता था। दोनों गहरे दोस्त थे। गांव के कई युवा सुबह दौड़ लगाने जाते थे।
फौज में भर्ती का इरादा बनाकर वरुण और सुमित ने भी दो माह पहले से दौड़ और व्यायाम का अभ्यास शुरू किया था। हादसे के बाद नजदीक मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वरुण के पिता नवरत्न यादव और सुमित के पिता महेश यादव किसान हैं।
दूसरी ओर हादसे का कारण बनी बाइक बहजोई की तरफ से आ रही थी। उस पर सवार धनारी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तगढ़ निवासी तसलीम, सबीले हसन, शाहरुख भी घायल हो गए। बाइक चला रहे तसलीम के खिलाफ बहजोई थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
Next Story