- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- व्यापारी के बेटे का...
व्यापारी के बेटे का अपहरण करने वाले 2 बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में व्यापारी के छह वर्षीय बेटे का अपहरण कर 15 लाख रुपये लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। शनिवार देर रात गुरसराय पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सीओ गरौठा पीयूष पाण्डेय ने बताया कि 10 अक्टूबर को व्यापारी अनुराग सिंह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ स्कॉर्पियो से गुरसराय गए थे। वाहन चलाने के लिए उन्होंने नया चालक रखा था।
आरोप है कि रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बहाने चालक आशीष अवस्थी गाड़ी लेकर फरार हो गया। उस समय व्यापारी का बेटा भी वाहन में मौजूद था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया था, लेकिन चालक 15 लाख रुपये लेकर भाग निकला था।
शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आशीष अपने साथी विशाल शर्मा के साथ बाइक से भागने की फिराक में है। पुलिस ने अड़जरा मार्ग पर गैस गोदाम के पास घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, रोकने पर आरोपियों ने तमंचों से फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये नकद, एक बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





