उत्तर प्रदेश

राजेश उर्फ राजन केस में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल

Admindelhi1
12 Oct 2026 9:56 AM IST
राजेश उर्फ राजन केस में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल
x
अपहरण-हत्या की जांच के बीच पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की जमुनापार थाना क्षेत्र के गांव सिहोरा से युवक राजेश उर्फ राजन का अपहरण कर हत्या करने के मामले में वांछित चल रहे दो बदमाशों को पुलिस ने रविवार मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशाें के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। घायल आरोपिताें को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

रविवार जमुनापार पुलिस और एसओजी की टीम पानीगांव लिंक रोड स्थित अंडरपास के पास निर्माणाधीन कृष्णा सिग्नेचर आवासीय कॉलोनी के सामने चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर वे बाइक को निर्माणाधीन कॉलोनी के कच्चे रास्ते की ओर भगाकर ले जाने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपिताें की पहचान गांव सिहोरा निवासी नवनीत और रवि कुमार के रूप में हुई है।

क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 5 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 9 बजे झगड़े के बाद राजन को जबरन गाड़ी में डालने और शेरगढ़ थाना क्षेत्र में यमुना नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस इस मामले में संलिप्त अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।-

Next Story