उत्तर प्रदेश

लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाले दो गिरफ्तार

Kajal Dubey
25 July 2022 3:08 PM GMT
लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाले दो गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों सआदतगंज के चौपटिया इलाके के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनाें ने बताया कि लुकमान के कहने पर मॉल में नमाज पढ़ी थी। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
एडीसीपी दक्षिण राजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक लुलु मॉल में बिना अनुमति नमाज पढ़ने वाले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गये आरोपियों में सआदतगंज के कच्चापुल चौपटिया निवासी मो. इरफान और कटरा विजन बेग का सऊद शामिल है। पुलिस के मुताबिक दोनों जरदोजी के कारीगर है। बकरीद की छुट्टी थी। दोनों आसपास रहते हैं। इसीलिए 12 जुलाई को लुलु मॉल एक साथ घूमने गये थे। वहां पर मॉल में घूम रहे थे।
लुकमान ने कहा तो नमाज की जमात में शामिल हुए
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने कुबूल किया कि वह घूमते हुए दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर सामना लुकमान से हुआ। लुकमान मदरसा चलाता था। वहीं नमाज भी पढ़ाता था। मॉल में वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ नमाज पढ़ने जा रहा था। उसने इरफान और सऊद से पूछा की अशर के नमाज का समय हो गया है। तुम लोगों ने नमाज पढ़ी। जवाब में नहीं सुनते ही उसने कहा कि हमलोग पढ़ने जा रहे हैं। साथ में आ जाओ। इस पर दोनों जमात में शामिल होकर नमाज पढ़ी।
अब तक सात गिरफ्तार, एक नाबालिग
पुलिस के मुताबिक लुलु मॉल में 12 जुलाई को कुल आठ लोगों ने नमाज पढ़ी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें लुकमान, मो. रेहान, नोमान, आतिफ खान को 19 जुलाई को पकड़ा गया। वहीं 23 जुलाई को सआदतगंज के आदिल और 24 जुलाई को इरफान और सऊद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक नमाज पढ़ने वालों में एक नाबालिग बच्चा भी शामिल है। जिसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
यह था मामला
लुलु मॉल का उद्घाटन बकरीद के दिन 10 जुलाई को हुआ। मॉल की दूसरी मंजिल पर 12 जुलाई को आठ युवकों ने बिना अनुमति के नमाज पढ़ी। जिसका वीडियो 13 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में कई हिंदु संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई। विरोध प्रदर्शन करने लगे। वहीं मॉल में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान कर दिया। जिसे लेकर हंगामा हुअ। इस मामले में मॉल के जनसंपर्क अधिकारी सिब्तैन हुसैन ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Next Story