- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- औरैया में आटा चक्की...
औरैया में आटा चक्की कारखाने से ढाई लाख की चोरी, सोते रहे बुजुर्ग

औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुधवार रात एक आटा चक्की कारखाने से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमावता में हुई इस घटना के दौरान कारखाने में मालिक के बुजुर्ग पिता सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अमावता निवासी शिवेंद्र सिंह पुत्र महावीर सिंह का जियो टावर के पास आटा चक्की कारखाना है। पीड़ित का आरोप है कि बुधवार रात अज्ञात चोरों ने कारखाने में रखे दो गल्लों को निशाना बनाया और उनमें रखी करीब दो लाख 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
घटना के समय शिवेंद्र सिंह के लगभग 76 वर्षीय पिता महावीर सिंह कारखाने में ही सो रहे थे। इसके बावजूद उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं हुई।
गुरुवार सुबह जब चोरी का पता चला तो शिवेंद्र सिंह ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई और जांच शुरू की।
वहीं, अजीतमल कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कारखाने से इतनी बड़ी रकम चोरी होने के दावे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी चोरी की परिस्थितियों और नकदी गायब होने के संबंध में अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।





