उत्तर प्रदेश

पति-पत्नी की हत्या में फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार

Admin4
23 Feb 2023 12:48 PM GMT
पति-पत्नी की हत्या में फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार
x
मथुरा। बल्देव थाना क्षेत्र के गांव नरहौली जुन्नारदार में पति-पत्नी की हत्या में वर्षों से फरार चल रहे 10-10 हजार के दो इनामी अभियुक्तों को बल्देव पुलिस व स्वॉट टीम ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में फरार चल रहे चौथे हत्यारोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि 2002 में मुकेश पुत्र नाथूराम की गांव के ही अशोक कुमार पुत्र लक्ष्मीनारायण, शिवम उर्फ शुभम पुत्र अशोक गौरव पुत्र सुनहरी, अमित पुत्र सुरेश ने नाली के विवाद के चलते हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई नेमकुमार पुत्र नाथूराम ने चार लोगों को नामजद किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी नीरजा देवी पर अभियुक्तों ने राजीनामा का दबाव बनाया। जब वह राजीनामा के लिए तैयार नहीं हुई तो चार अप्रैल 2020 को सुबह चार बजे सभी ने एकराय होकर नीरजा देवी को घेर लिया और उनकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने 28 अगस्त 2022 को गौरव पुत्र सुनहरी को दौलतपुर अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। बावजूद अशोक, शिवम व गौरव पुलिस की पकड़ से दूर बने रहे। एसएसपी ने सभी की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया।
23 फरवरी 2023 (गुरुवार) को थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी को सूचना मिली कि डबल हत्या में वांछित चल रहे अशोक पुत्र लक्ष्मीनारायण, शिवम उर्फ शुभम पुत्र अशोक बम्बा वाले रास्ते पर खडैर पुलिया के पास खड़़े हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने वांछितों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट टीम प्रभारी राकेश यादव को बलदेव पुलिस का सहयोग करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश मिलते ही बल्देव तथा स्वॉट टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यहां दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि डबल मर्डर में वांछित चल रहे अमित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो जाएगी।
Next Story