- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- गोकशी के मामले में...
गोकशी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपी मुठभेड़ में घायल

कानपुर: उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के फजलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि घायल आरोपितों की पहचान फरहान कालिया और कादिर के रूप में हुई है, जाे नवाबगंज थाना क्षेत्र में सात और आठ अक्टूबर की रात हुई गोकशी की घटना में वांछित थे। घटना के बाद मौके से गोवंश के अवशेष मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले का खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट, सर्विलांस, साइबर और नवाबगंज पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अन्य आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई।
शुक्रवार काे पुलिस टीमों को फरहान और कादिर के फजलगंज क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर फजलगंज पुलिस ने स्वॉट, सर्विलांस और साइबर टीम के साथ मिलकर इलाके में घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख दोनों आरोपितों ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गोकशी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





