उत्तर प्रदेश

सड़क किनारे सो रहे मजदूर को ट्रक ने कुचला, मौत

Admin4
7 July 2023 11:45 AM GMT
सड़क किनारे सो रहे मजदूर को ट्रक ने कुचला, मौत
x
वाराणसी। मडुवाडीह थाना के महेशपुर में निर्माणाधीन जीटी रोड सिक्स लेन सड़क पर सो रहे मजदूर को ट्रक ने गुरुवार की रात कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ ही घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे मड़ुआडीह थानाध्यक्ष ने समझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मडुवाडीह थाना के शिवदासपुर सिंधुरिया कालोनी निवासी सिकन्दर राजभर उर्फ भीम (26) ट्रांसपोर्ट एरिया में पल्लेदारी का काम करता था। गुरुवार की रात वह सड़क किनारे सोया था। इसी दौरान बैक हो रहा ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद मड़ुआडीह एसओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाकर लोगों को शांत कराया।
सिकन्दर की शादी चार वर्ष पूर्व चौरी, भदोही निवासी ज्योति राजभर से हुई थी। दोनों से कोई संतान नहीं थी। सिकन्दर की मां धन्नी देवी की मृत्यु डेढ़ माह पूर्व ही हुई थी। घटना के बाद पत्नी, पिता शंकर, छोटे भाई शेखर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
Next Story