- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur में...
Saharanpur में पौधारोपण अभियान शुरू, प्रमुख सचिव ने बताया पेड़ों का महत्व

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर, 12 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत सहारनपुर नगर निगम ने पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। रायवाला स्थित नगर निगम के पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में प्रमुख सचिव कृषि एवं कृषि रक्षा तथा जनपद के नोडल अधिकारी रविन्द्र और महापौर डॉ. अजय कुमार ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ‘‘एक पौधा मां के नाम’’ और ‘‘एक पौधा गुरु के नाम’’ अभियान के तहत पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, पार्षदों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि यह वर्ष सुपर अल-नीनो का वर्ष है, जिसके कारण मौसम और पर्यावरण में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ किए जा रहे कार्यों के दूरगामी परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ सकते हैं।
प्रमुख सचिव ने कहा कि पेड़-पौधों के साथ मानव का बहुत पुराना और भावनात्मक रिश्ता है। पेड़ हमें भोजन, ऑक्सीजन और जीवन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि यदि मानव समाज को सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़ाना है तो पेड़-पौधों और पर्यावरण के साथ अपने इस संबंध को मजबूत बनाए रखना होगा।
उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ी धरोहर साबित होंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सहारनपुर महानगर को कार्बन न्यूट्रल बनाने के उद्देश्य से फलदार और पर्यावरण उपयोगी पौधों के रोपण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने गूलर, जामुन और शहतूत जैसे वृक्षों के अधिक से अधिक पौधारोपण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पशु-पक्षियों का संरक्षण और पौधारोपण ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2030 तक पौधारोपण में 15 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे सहारनपुर पहले ही प्राप्त कर चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश को ज्ञान और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान के तहत पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान में करीब 10 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे उद्यान की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम से पहले अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, अपर नगरायुक्त एवं वरिष्ठ उद्यान प्रभारी मृत्युंजय, उपसभापति मयंक गर्ग और क्षेत्रीय पार्षद गौरव जैन ने प्रमुख सचिव और महापौर का बुके भेंट कर स्वागत किया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने नगर निगम की ओर से तथा डीएफओ विपुल सिंघल ने प्रमुख सचिव को प्रतीक चिह्न भेंट किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव, विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, पार्षद मुकेश गक्खड़, सुभाष चंद, चौधरी वीरसेन सिद्धू, मनोज प्रजापति, अहमद मलिक, नीरज शर्मा, गौरव जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय वर्मा सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। नगर निगम ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि सहारनपुर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सके।





