उत्तर प्रदेश

दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की भिड़ंत में तीन कांवरियों की मौत, दो घायल

Kajal Dubey
1 Aug 2022 3:15 PM GMT
दर्दनाक हादसा, दो बाइकों की भिड़ंत में तीन कांवरियों की मौत, दो घायल
x
पढ़े पूरी खबर
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर मिर्जामुराद क्षेत्र में रफ्तार का कहर देखने को मिला दो बाइकों की भिड़ंत में तीन कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो कांवरिये गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा खजुरी ओवरब्रिज के पहले कांवरिया लेन पर हुआ। एक बाइक पर तीन लोग प्रयागराज से जल लेकर काशी आ रहे थे।
दूसरी बाइक पर सवार तीन कांवरिये जलाभिषेक के बाद प्रयागराज की ओर जा रहे थे। खजुरी ओवरब्रिज के पास दोनों बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बाइक सवार लोग करीब 15 फीट दूर तक घिसटते चले गए। दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर तीन कांवरियों की मौत हो गई।
हाईवे पर दूर-दूर तक खून फैल गया। नजारा इतना दर्दनाक था कि लोग सहम उठे। स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घायलों को आनन-फानन अस्पताल भिजवाया। हादसे की सूचना पर एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।
नैनी के सनईपुरवा निवासी विनय पटेल व महेवा नैनी निवासी अंकित व श्याम बाबू एक ही बाइक पर सवार होकर प्रयागराज से जल चढ़ाने के लिए वाराणसी स्थित बाबा विश्वनाथ धाम आ रहे थे। इधर काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक के बाद भदोही जिले के गुलौरी निवासी दीपक तिवारी अपने एक अन्य साथी के साथ प्रयागराज की तरफ जा रहे थे।
खजुरी ओवरब्रिज के पास दोनों की बाइक आमने-सामने भिड़ गई। घटनास्थल पर विनय पटेल व अंकित की मौत हो गई। उनके साथी श्याम बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। इधर दीपक तिवारी घायल हो गए तो वहीं उसके साथी तेजधर तिवार निवासी गुलौरी (भदोही) की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने निधन पर जताया शोक
तीन कांवरियों की सड़क हादसे में मौत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। घटना की जानकारी होने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से घायलों का बेहतर इलाज कराने का निर्देश भी दिया है।
Next Story