उत्तर प्रदेश

Jaunpur में परिवहन विभाग का एक्शन, 338 स्कूली वाहन जांच में फेल

Ratna Netam
11 July 2026 6:34 PM IST
Jaunpur में परिवहन विभाग का एक्शन, 338 स्कूली वाहन जांच में फेल
x

Jaunpur जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की जांच में बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूली वाहनों की जांच के दौरान बड़ी संख्या में वाहन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते पाए गए। परिवहन विभाग की कार्रवाई में जिले के 27 थाना क्षेत्रों में कुल 338 स्कूल वाहन नियमों के खिलाफ संचालित मिले हैं। इनमें बड़ी संख्या में वाहन बिना वैध परमिट और फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़क पर दौड़ रहे थे।

परिवहन विभाग के अनुसार जांच में 222 स्कूल वाहन ऐसे पाए गए, जिनके पास वैध परमिट नहीं था। वहीं, 116 वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका था। बिना परमिट और फिटनेस के स्कूल वाहनों का संचालन बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है। इन वाहनों में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र सफर करते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्कूली वाहनों की स्थिति सुधारने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 1 जुलाई से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक जिले में 168 स्कूल वाहनों की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 47 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 11 स्कूल वाहनों को सीज कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि 24 स्कूल वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त हो चुका था या वे निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतर रहे थे। इसके अलावा 23 वाहन ऐसे मिले जो बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे थे। परिवहन विभाग ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा के लिए कई जरूरी मानकों का पालन करना अनिवार्य है। इनमें वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, सुरक्षा उपकरण, चालक की योग्यता और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।

शनिवार को एआरटीओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा परिवहन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी स्कूल संचालकों से अपील की कि वे अपने स्कूल वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज समय से अपडेट कराएं और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

एआरटीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग की टीम लगातार स्कूल वाहनों की जांच करती रहेगी और लापरवाही मिलने पर चालान, सीज सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय रहते अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप दुरुस्त कर लें, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Next Story