उत्तर प्रदेश

नगर पालिका में वर्षों से एक सीट पर जमे 14 लिपिकों का किया तबादला

Shreya
25 July 2023 4:46 AM GMT
नगर पालिका में वर्षों से एक सीट पर जमे 14 लिपिकों का किया तबादला
x

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका को भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने के वादे और इरादे पर चुनाव लडऩे वाली मीनाक्षी स्वरूप ने कुर्सी संभालने के साथ ही अपने इस संकल्प को सार्थक बनाने का काम लगातार किया है। भ्रष्टाचार की शिकायत पर पालिका के एक लिपिक का तबादला करने के बाद अब मीनाक्षी स्वरूप ने पालिका में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने के लिए एक साथ 14 लिपिकों का तबादला कर दिया है। इसमें कई मठाधीशों पर भी गाज गिरी है और उनकी कुर्सी खिसकने के कारण पालिका में हलचल मची हुई है।

पालिका में करीब पांच साल से निशाने पर रहे आशु लिपिक गोपाल त्यागी को अब कन्या विद्यालय में कम्प्यूटर लैब संवारने की जिम्मेदारी मिली है। इसके साथ ही कर विभाग से प्रवीण कुमार का पत्ता साफ कर दिया गया है। भ्रष्टाचार विरोधी अपनी मुहिम में पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दम दिखाते हुए पालिका में मठाधीश बने कई लिपिकों का पटल बदलकर उनको बेदम करने का काम किया है। यह निर्णय लेना कतई आसान नहीं था, क्योंकि कई दिनों से पालिका में लिपिकों के तबादले की सुगबुगाहट बनी हुई थी। इसी को लेकर पालिका अध्यक्ष के पास कई कर्मचारियों की सिफारिशें भी पहुंचने लगी थी, लेकिन पालिका में व्यवस्था बनाने के लिए उन्होंने किसी भी सिफारिश को महत्व नहीं दिया और ठोस एवं मजबूत निर्णय लेते हुए 14 लिपिकों के तबादले किये है।

इस सम्बंध में तबादला आदेश सोमवार को ही जारी किया गया है। इसके तहत आशु लिपिक गोपाल त्यागी को मुख्य कार्यालय से नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज में भेजा गया है। उनको कम्प्यूटर लैब संवारने का विशेष दायित्व मिला है। नगरपालिका कन्या विद्यालय से लिपिक शोभित सिंघल को पालिका में वाद लिपिक बनाया गया है। वह 31 जुलाई तक वाद लिपिक मुकेश शर्मा के सहायक के रूप में कार्य करेंगे। लेखा लिपिक मैनपाल सिंह को निर्माण विभाग, गगन महेन्द्रा को निर्माण विभाग से लेखा लिपिक बनाया गया है। निर्माण विभाग से अशोक ढींगरा को स्वास्थ्य विभाग में स्टोर कीपर बनाया है।

आकाशदीप अपने पूर्व दायित्वों के साथ अशोक ढींगरा के सहायक के रूप में भी कार्य करेंगे। निर्माण विभाग से लिपिक मनोज कुमार को प्रवीण कुमार के स्थान पर कर लिपिक बनाया गया है। प्रवीण कुमार को जलकल विभाग में हल्का-1 का बिल लिपिक बनाया है। जलकल विभाग से निपुण कन्नौजिया को निर्माण विभाग, स्टोर लिपिक संदीप यादव को जलकल विभाग में वरिष्ठ राजस्व निरीक्षक का कार्य दिया गया है। पथ प्रकाश लिपिक तनवीर आलम को लिपिक लेखा विभाग में भेजा गया है।

फिरोज खां लिपिक को लेखा विभाग से हल्का-1, 03 और 06 के कार्य सौपें गये हैं। अभिलेखागार में तैनात गोपीचंद वर्मा को फिर से पथ प्रकाश लिपिक बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग लिपिक नितिन कुमार को अपने पटल के साथ जन्म मृत्यु शपथ पत्र पटल का कार्य सौंपा गया है। दुष्यंत कुमार वाटिका सुपरवाइजर बने रहेंगे।

तबादला आदेश जारी करने को लेकर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि शासन के द्वारा व्यवस्था दी गई है कि भ्रष्टाचार की व्यापक रोकथाम के लिए एक ही पटल पर किसी भी कर्मचारी की तैनाती तीन वर्ष से अधिक समय तक नहीं की जा सकती है। हमने जनता से पालिका में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने का वादा किया है। पालिका में सभी व्यवस्था सुचारू रूप से चलें तो इसके लिए हमने 14 लिपिकों का तबादला करते हुए उनके पटल का फेरबदल किया है। इनमें कई पटलों पर कई वर्षों से कर्मचारी तैनात थे।

Next Story