उत्तर प्रदेश

बुढ़ाना के दो गांवों में दर्दनाक हादसा, छत गिरने से मासूम की मौत, कई घायल

Ratna Netam
6 Aug 2026 8:35 PM IST
बुढ़ाना के दो गांवों में दर्दनाक हादसा, छत गिरने से मासूम की मौत, कई घायल
x
मुज़फ़्फ़रनगर : जनपद में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। बुढ़ाना तहसील क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में गुरुवार तड़के कच्चे मकानों की छतें अचानक भरभराकर गिर गईं। इन दर्दनाक हादसों में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दोनों परिवारों के आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद गांवों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। लगातार हो रही बारिश के बीच इन घटनाओं ने कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर कलां में हुई। यहां 40 वर्षीय सिराज उर्फ बबलू अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। देर रात से हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत पूरी तरह कमजोर हो चुकी थीं। गुरुवार अलसुबह अचानक पूरी छत भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के समय सिराज, उनकी पत्नी साईमा, बेटे हमजा और अदनान तथा मासूम रुकमान घर के अंदर सो रहे थे। छत गिरते ही सभी मलबे के नीचे दब गए और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढ़ाना पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
दूसरी और अधिक दर्दनाक घटना थाना फुगाना क्षेत्र के गांव हबीबपुर सीकरी में सामने आई। यहां खरड़ बिजलीघर में कार्यरत कर्मचारी विकास पाल के कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय विकास की पत्नी संगीता, नौ वर्षीय पुत्र अक्कीपाल, सात वर्षीय पुत्री दिव्या और डेढ़ वर्षीय पुत्री सान्वी उर्फ मोली घर के भीतर मौजूद थे। छत गिरते ही चारों मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने डेढ़ वर्षीय सान्वी को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में संगीता, अक्कीपाल और दिव्या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। मासूम बच्ची की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही एडीएम (वित्त) अनिरुद्ध प्रताप सिंह, एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक, सीओ फुगाना नरेंद्र यादव, एसडीएम बुढ़ाना सत्येंद्र कुमार, तहसीलदार महेंद्र तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने भी पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने हुसैनपुर कलां के घायल परिवार को 11 हजार रुपये तथा मृतक मासूम बच्ची के परिवार को 21 हजार रुपये की तत्काल सहायता दी। साथ ही प्रशासन से दैवीय आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया।
लगातार बारिश के कारण जिले में कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने की आशंका बढ़ने के बाद प्रशासन ने पूरे तहसील क्षेत्र में विशेष सर्वे अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। एडीएम (वित्त) ने बताया कि सभी राजस्व और प्रशासनिक टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर और कच्चे मकानों को चिह्नित करें। जिन मकानों के गिरने का खतरा है, वहां रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनका मकान जर्जर स्थिति में है तो वे किसी भी जोखिम से बचने के लिए सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और तुरंत स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दें।
Next Story