- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कौशांबी में दर्दनाक...
कौशांबी में दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक

कौशांबी: कोसम गांव में शादी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। टेंट लगाने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक नितिन कुमार रैदास की मौत हो गई। घटना के बाद विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कौशांबी थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव निवासी नितिन कुमार रैदास पुत्र नरेश सरोज मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बुधवार को वह कोसम गांव में त्रिभुवन रैदास के घर आयोजित शादी समारोह में टेंट लगाने के लिए गया था। यहां त्रिभुवन रैदास के साढ़ू संतलाल निवासी शेषा की बेटी रेखा की शादी का कार्यक्रम था।
बताया गया कि बरात राजस्थान के बारा जिले से आई थी। विवाह स्थल के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। रात के समय टेंट लगाने के दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की तार से छू गया। पाइप में करंट उतरने से नितिन उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।
हादसा होते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग आनन-फानन में नितिन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां गम में बदल गईं। कई बराती बिना भोजन किए ही वापस लौट गए। देर रात किसी तरह विवाह की रस्में पूरी कर दुल्हन की विदाई कराई गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी कौशांबी जेपी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नितिन परिवार का इकलौता सहारा था। वह बिजली का काम करने के साथ मजदूरी भी करता था। परिवार के पास खेती योग्य जमीन नहीं है और घर का खर्च मजदूरी से ही चलता था। नितिन के पिता नरेश सरोज करीब एक महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गए हुए हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां सुमन देवी बदहवास हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि विवाह स्थल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार काफी समय से ढीला था। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक पिकअप लोडर बिजली के तार के संपर्क में आ गया था, हालांकि उस समय बड़ा हादसा टल गया था।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से लापरवाही की जांच और हाईटेंशन लाइनों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस दर्दनाक हादसे से पूरे कोसम गांव में शोक का माहौल है।





