- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- अयोध्या में दर्दनाक...

उत्तर प्रदेश: अयोध्या जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां अभी भी लापता हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया।
यह हादसा रौनाही थाना क्षेत्र के सनहा गांव में सुबह करीब 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के पांच सदस्य नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान और सेल्फी लेने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। तेज बहाव और गहराई के कारण सभी डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दोपहर करीब 2 बजे तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए, जिनकी पहचान सजरुल (45), साहिन बानो (38) और मरियम (18) के रूप में हुई है।
वहीं, नरगिश (18) और महक बानो (18) अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा। पुलिस और गोताखोर लगातार नदी में खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा उपायों को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका पहले भी नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण खतरनाक माना जाता रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी किनारे सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा व्यवस्था के पानी में न उतरें। यह हादसा एक बार फिर नदी किनारे लापरवाही और सुरक्षा की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां एक छोटी सी गलती ने पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल दिया।





