- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- 8 अगस्त से बदलेगा...

अंबेडकरनगर: सावन महीने के दौरान कांवड़ यात्रा, शिवरात्रि और विभिन्न धार्मिक मेलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले में रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। यह व्यवस्था 8 अगस्त से शुरू होकर 28 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बदले हुए मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सावन के दूसरे सोमवार 10 अगस्त और 11 अगस्त को पड़ने वाली सावन शिवरात्रि के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी को देखते हुए वाहनों का डायवर्जन 8 अगस्त की सुबह 8 बजे से लागू होगा, जो 12 अगस्त की सुबह 8 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन में बदलाव किया जाएगा।
इसके बाद 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मणिपर्वत मेला यानी सावन झूला मेला और 17 अगस्त को पड़ने वाले सावन के तीसरे सोमवार व नागपंचमी पर्व को देखते हुए भी यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इन आयोजनों को देखते हुए 14 अगस्त की सुबह 8 बजे से 17 अगस्त की रात 11 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
वहीं सावन के चौथे सोमवार 24 अगस्त को लेकर भी प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। चौथे सोमवार के मद्देनजर 23 अगस्त की सुबह से 24 अगस्त की रात 11 बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इसके अलावा सावन पूर्णिमा स्नान और मेला समापन के अवसर पर 28 अगस्त को भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इसके लिए 27 अगस्त की सुबह 8 बजे से 28 अगस्त की रात 11 बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, अयोध्या की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को यादवनगर से मिझौड़ा चौराहा होते हुए महरुआ के रास्ते अकबरपुर भेजा जाएगा। इसी मार्ग से वाहनों की वापसी भी होगी। वहीं सुलतानपुर से आने वाले भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कट संख्या 136, 161 और 183 से डायवर्ट किया जाएगा।
जौनपुर से आने वाले भारी वाहनों को सुरहुरपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कट संख्या 183 की ओर भेजा जाएगा। मालीपुर से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। आजमगढ़ से आने वाले भारी वाहनों को न्यौरी टोल प्लाजा से डायवर्ट कर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
आजमगढ़ से राजेसुल्तानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को चोरमरा कट से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा। इसी तरह संतकबीरनगर से आने वाले भारी वाहनों को जहांगीरगंज के बवाली चौक से डायवर्ट कर चोरमरा कट होते हुए राजेसुल्तानपुर और फिर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
बस्ती से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। इन वाहनों को अलीगंज के सम्हरिया चौराहा से धर्मपुर इनामीपुर पुल होते हुए अकबरपुर बाईपास और फिर गौहन्ना चौराहा से कट संख्या 161 पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। वहीं लखनऊ से गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और आजमगढ़ जाने वाले वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे।
यातायात उपनिरीक्षक जयबहादुर यादव ने बताया कि अकबरपुर शहर में कई मार्गों पर नो-एंट्री लागू रहेगी। इनमें मालीपुर रोड, जलालपुर रोड बाईपास, बसखारी रोड न्यौतरिया, टांडा रोड कटरिया याकूबपुर बाईपास, महरुआ रोड भिखारीपुर बाईपास, दोस्तपुर रोड गौहन्ना चौराहा बाईपास और अयोध्या रोड फायर स्टेशन क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शहर के अंदर हल्के वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। तहसील तिराहा से वाहनों को डायवर्ट कर शहजादपुर, गौहन्ना, महरुआ और मिझौड़ा चौराहा होते हुए यादवनगर के रास्ते अयोध्या भेजा जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस और यातायात विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।





