- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut, में व्यापारी...
Meerut, में व्यापारी सम्मेलन, सपा ने चुनावी रणनीति का किया ऐलान

Meerut मेरठ : समाजवादी व्यापार सभा की ओर से 5 जुलाई 2026 को व्यापारी स्वाभिमान मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को सदर हनुमान चौक स्थित टीएफसी रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की गई।समाजवादी व्यापार सभा के संयोजक, मेरठ मंडल प्रभारी एवं प्रदेश सचिव अक्षय जैन अरिहंत ने बताया कि वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी 18 मंडलों में व्यापारी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत मेरठ से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार 1857 की क्रांति का बिगुल मेरठ से फूंका गया था, उसी प्रकार व्यापारी स्वाभिमान आंदोलन की शुरुआत भी यहीं से हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में प्रदेश का व्यापारी वर्ग कई समस्याओं का सामना कर रहा है। इनमें व्यापार में गिरावट, अफसरशाही, रिश्वतखोरी और उत्पीड़न जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। अक्षय जैन अरिहंत ने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को एक मंच प्रदान करना और उनकी आवाज को प्रदेश स्तर तक पहुंचाना है।प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि इस सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
प्रदेश सचिव सौरभ अग्रवाल ने जानकारी दी कि मेरठ मंडल के सभी जिलों में व्यापारी वर्ग इस सम्मेलन को लेकर काफी उत्साहित है। इसके लिए लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक व्यापारी इसमें भाग ले सकें।जिलाध्यक्ष हरप्रीत आहूजा ने बताया कि व्यापारियों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है, जबकि महानगर अध्यक्ष निपुण अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और बड़ी संख्या में व्यापारियों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन व्यापारी वर्ग की समस्याओं और उनके अधिकारों को उठाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इसमें प्रदेश भर से आए व्यापारी अपनी समस्याएं साझा करेंगे और समाधान की दिशा में चर्चा करेंगे।सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और व्यापारिक हलचल तेज हो गई है। आयोजकों का दावा है कि यह कार्यक्रम आने वाले समय में व्यापारी आंदोलन की एक बड़ी शुरुआत साबित हो सकता है।





