उत्तर प्रदेश

भूसा भरे डनलप में बाइक घुसने से तीन युवकों की मौत

Admin4
25 April 2023 1:50 PM GMT
भूसा भरे डनलप में बाइक घुसने से तीन युवकों की मौत
x

लखीमपुर खीरी। थाना शारदानगर क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक अनियंत्रित बाइक सामने से आ रहे भूसे से भरे डनलप में घुस गई। हादसे के समय बाइक पर चार युवक सवार थे। इसमें तीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि चौथा बाइक सवार युवक और डनलप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची शारदानगर पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

खीरी थाना क्षेत्र के गांव सरसवां निवासी मोनू सिंह पुत्र नरेश सिंह (22) अखिलेंद्र बहादुर सिंह पुत्र राम कुमार सिंह (21) विनय सिंह पुत्र पुष्पेंद्र सिंह (20) अपने रिश्तेदार संगम कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी लाहौरी नगर थाना कोतवाली सदर के साथ एक ही बाइक से शारदा नगर गए हुए थे। चारों देर रात बाइक से सरसवां वापस लौट रहे थे। शारदा नहर पटरी पर शारदानगर थाना क्षेत्र के गांव अटकोहना के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे भूसे से भरे डनलप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक सवार चारों युवक डनलप के नीचे घुस गए। हादसे में बाइक सवार मोनू सिंह, अखिलेंद्र बहादुर सिंह और संगम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में डनलप चालक भी घायल हुआ है। उसकी पहचान कृष्ण कुमार निवासी गौरतारा कोतवाली सदर के रूप में हुई है। कुछ देर बाद हादसा की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए और सूचना शारदानगर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर अशोक कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कृष्ण कुमार व विनय को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Next Story