उत्तर प्रदेश

दिल्ली के तीन उचक्के गिरफ्तार, महिला व निर्यातक से छीनी थी चेन

Admin4
16 Sep 2023 11:46 AM GMT
दिल्ली के तीन उचक्के गिरफ्तार, महिला व निर्यातक से छीनी थी चेन
x
मुरादाबाद। दिल्ली के रहने वाले तीन उचक्कों ने ही महानगर में चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं को अंजाम दिया। तीनों को मझोला व गलशहीद थाने की पुलिस ने ब्रेड फैक्ट्री तिराहे पर व्हाइट हाउस के पास से दबोचा है। इनमें अली मेहंदी, नमीर और मोहम्मद मोनिश हैं। अली मेहंदी पुत्र अली हैदर दिल्ली में बाड़ा हिंदुराव बगीची अच्छीजी, मकान नंबर-3330 का रहने वाला है। अभियुक्त नमीर पुत्र शाहबुद्दीन थाना बाड़ा हिंदुराव क्षेत्र में ठेले वाली गली का है, जबकि इसका साथी माेहम्मद मोनिश पुत्र मुमताज अहमद जी-165 भगीरथी विहार गोकुलपुरी का रहने वाला है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने बताया कि इन तीनों अभियुक्तों ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उन लोगों ने पूर्व में दिल्ली में भी कई घटनाएं की हैं। कई बार तिहाड़ जेल गए हैं। इस बार योजनाबद्ध तरीके से वे लोग दिल्ली से चलकर नूरपुर में अपने एक जानकार गुड्डू के यहां रुके थे। यहां से वे लोग कुंदरकी में नमीर की ननिहाल पश्चिमी सादात में रुके थे। नमीर का मामा सलमान और उसके अन्य साथी भी घटनाओं में उनके सहयोगी हैं।
सलमान को गिरफ्तार किया जाना अभी बाकी है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने 11 सितंबर के दिन मानसरोवर काॅलोनी में बैंक शाखा प्रबंधक गौरव सिंह की पत्नी महिमा सिंह से छिनैती की थी। महिमा दवा लेकर लौट रही थीं। उस दौरान दो बाइकों पर सवार अली मेहंदी, नमीर और मोहम्मद मोनिश ने महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली थी। अगले दिन 12 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे पुराने रोडवेज बस अड्डा के पास टहलकर लौट रहे निर्यातक अनुज टंडन के गले से उनकी चेन खींच ली थी। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो चेन, 200 ग्राम चरस व घटना में प्रयुक्त तीन तमंचा और बाइक (डीएल-11-एसएस-6965) भी बरामद की है।
Next Story