- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मुठभेड़ में तीन को लगी...

x
गोकशी की तैयारी के बीच मुठभेड़
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार तड़के पुलिस और गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए घायल तीन आरोपियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के पावटी गांव स्थित आम के बाग की है। पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आम के बाग में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु के कटान की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन आरोपी घायल होकर गिर पड़े।
पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कार्रवाई में कुल छह लोगों को पकड़ा गया। गोली लगने से घायल तीन आरोपियों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान हापुड़ नगर की आवास विकास कॉलोनी निवासी नईम, मेरठ के देहली गेट क्षेत्र निवासी जमील और गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी निवासी बिलाल के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी मोहम्मद परवेज, गढ़मुक्तेश्वर के अठसैनी निवासी सोनू और गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी निवासी आहत को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक जीवित प्रतिबंधित पशु बरामद किया है। इसके अलावा तीन अवैध हथियार, जिंदा और खोखा कारतूस, एक होंडा सिटी कार, एक मोटरसाइकिल और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की गई है। इनके खिलाफ हापुड़ समेत विभिन्न जिलों में गोकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में करीब चार दर्जन मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले किन घटनाओं में शामिल रहे हैं और उनके साथ अन्य कौन लोग जुड़े हुए हैं। घटनास्थल से बरामद कार और मोटरसाइकिल के बारे में भी जांच की जा रही है। हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार समय रहते मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और प्रतिबंधित पशु को जीवित बरामद कर लिया। फिलहाल घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार जारी है। सभी छह आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





