उत्तर प्रदेश

सुरहा ताल में तीन दिवसीय पक्षी महोत्सव शुरू

Shantanu Roy
11 Dec 2022 10:35 AM GMT
सुरहा ताल में तीन दिवसीय पक्षी महोत्सव शुरू
x
बड़ी खबर
बलिया। बलिया जिले के बसंतपुर स्थित एशिया का सबसे बड़ा ताल कहे जाने वाले सुरहा ताल में शनिवार को तीन दिवसीय सुरहा ताल पक्षी महोत्सव का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। उन्होंने शांति का प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर एवं गुब्बारा छोड़कर शुभारंभ किया। इसके बाद परिवहन मंत्री सहित जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल एवं एसपी राजकरण नैयर ने नौकायान का आनंद लिया। ​​​​​​​प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि सुरहा ताल को लेकर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर के वर्षों पुराने सपने को जिला प्रशासन के सहयोग से पूरा किया गया है। परिवहन मंत्री ने कहा कि जिले के बच्चों के लिए कहीं भी घूमने तथा पिकनिक मनाने के लिए कोई जगह नहीं था। अब सुरहा ताल विकसित हो जाने पर बच्चों सहित जनपद वासियों के लिए यह अच्छा साबित होगा।
जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कहा कि सुरहा तला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए काफी प्रयास किया गया है। इसमें बलिया के लोगों का समर्थन मिला, जो उनकी मनोभावना को प्रदर्शित करता है। पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत यहां चौकी स्थापित है। चौकी पर फोर्स बढ़ाया जा रहा है। यहां तैनात पुलिस कर्मियों को टूरिस्ट फ्रैंडली होने के लिए साफ्ट स्किल की ट्रेनिंग दी जायेगी। तीन दिवसीय पक्षी महोत्सव में बसन्तपुर स्थित ताल को पूरी तरह से दुल्हन की तरह सजाया गया था। जगह जगह स्टाल लगाए गए थे। वहीं गुब्बारो से पूरी तरह से सजा दिया गया था। सुरक्षा कि चौकस बंदोबस्त थी। सीओ सदर अशोक मिश्रा कि अगुवाई में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त थी।
Next Story