- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- 'लाखन आर्मी का यह...
उत्तर प्रदेश
'लाखन आर्मी का यह जनजागरण अभियान रहेगा जारी', बाराबंकी में गरजे सूरज पासी
Shantanu Roy
26 Oct 2026 6:21 PM IST

x
'लाखन आर्मी, बाराबंकी, सूरज पासी,
Barabanki. बाराबंकी। महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और उनके आराध्य भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण एवं सुरक्षा की मांग को लेकर लाखन आर्मी का जनजागरण अभियान जारी है। इसी क्रम में बाराबंकी जिले की हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में संगठन के मुखिया सूरज पासी ने समाज से अपनी ऐतिहासिक विरासत, महापुरुषों और अधिकारों के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को अपने सम्मान और हक के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। सभा में शिक्षा, नशामुक्ति के गम्भीर मुद्दे भी उठाए।
किले और शिव मंदिर के संरक्षण की मांग
सतरही घर कुइयाँ जनसभा स्थल से लाखन आर्मी द्वारा महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले के पुरातात्विक सर्वेक्षण और किले व भगवान शिव के मंदिर के संरक्षण एवं सुरक्षा की मांग पहले भी उठा चुकी है। संगठन जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाने और समाज की सहभागिता बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। ताकि अतिक्रमण किये गये ऐतिहासिक स्थल को हटाया जा सके।
चुनाव में ही क्यों याद आता है
सूरज पासी ने राजनीतिक दलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पासी समाज को चुनाव के समय ही क्यों याद किया जाता है? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कुछ नेता शराब और भोजन जैसे प्रलोभनों के जरिए समाज के लोगों को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को राजनीतिक कार्यक्रमों में केवल दरी बिछाने और कुर्सियां लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर मुखर होना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने, राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और जनप्रतिनिधियों के कामकाज की समीक्षा करने की अपील की। उन्होंने अखिलेश यादव और मायावती का उल्लेख करते हुए सामाजिक एकता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के महत्व पर भी जोर दिया।
महापुरुषों के इतिहास और सम्मान पर जोर
सूरज पासी ने पासी समाज से अपने महापुरुषों और पूर्वजों के संघर्ष का इतिहास पढ़ने तथा नई पीढ़ी को उससे परिचित कराने की अपील की। उन्होंने महाराजा कंसा पासी सहित समाज के महापुरुषों को उचित सम्मान दिलाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूकता सामाजिक स्वाभिमान को मजबूत करती है।
‘हर घर झंडा, हर गांव नशामुक्त’ का आह्वान
जनसभा में ‘हर घर झंडा अभियान’ और ‘हर गांव नशामुक्त अभियान’ को सफल बनाने की अपील की गई। सूरज पासी ने बच्चों की शिक्षा, नशे से दूरी और सामाजिक एकता को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। साथ ही, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाज के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई। लाखन आर्मी ने किले और शिव मंदिर के संरक्षण की मांग को आगे बढ़ाने के साथ समाज के लोगों से अपनी ऐतिहासिक विरासत, महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
Next Story





