उत्तर प्रदेश

हत्यारोपी पति का नहीं लगा सुराग, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार

Admin Delhi 1
14 Feb 2023 11:51 AM GMT
हत्यारोपी पति का नहीं लगा सुराग, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
x

मोदीपुरम: एकता नगर में किराये के मकान में रहने वाली नीतू की हत्या के मामले में दूसरे दिन भी आरोपी पति का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घर से निकलने के बाद ही मोबाइल को बंद कर लिया था। उसकी आखिरी लोकेशन घर के बाहर ही मिली। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद महिला का गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।

नीतू पुत्री लीले सिंह का विवाह देवेंद्र से हुआ था। देवेंद्र 26 जनवरी से उसके साथ एकता नगर में धर्मपाल के मकान में दोनों किराये पर रहने आए थे। देवेंद्र मजदूरी करता था। रविवार को नीतू का शव कमरे में बिस्तार पर पड़ा मिला। उसके गले पर निशान थे और पति देवेंद्र का मोबाइल शाम तक बंद आता रहा। जिसके बाद मृतका की बहन सुधा ने देवेंद्र पर हत्या व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस ने इस मामले में देवेंद्र की सीडीआर निकलवाई तो अंतिम लोकेशन घर के बाहर की मिली। दूसरे दिन भी देवेंद्र का मोबाइल बंद आता रहा। पुलिस लगातार देवेंद्र की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि अभी मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं, सोमवार को शव पोस्टमार्टम से आने के बाद मायके पक्ष के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ गांव ले गए और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस पूछताछ में सुसराल पक्ष के लोगों ने बताया कि काफी समय से देवेंद्र पत्नी के साथ बाहर रहता था। वह मकान बदलता रहता था, जिस कारण उन्हें जानकारी नहीं थी कि वह कहां रह रहा है। मृतका की बहन का आरोप है कि उसकी बहन नीतू तीन माह की गर्भवती थी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जायेगा और हत्या के कारणों का खुलासा किया जायेगा।

Next Story