उत्तर प्रदेश

अन्नपूर्णा मंदिर परिसर में युवक को लेकर मचा हड़कंप, ACP ने बताई पूरी बात

SHIDDHANT
12 Sept 2026 9:09 PM IST
अन्नपूर्णा मंदिर परिसर में युवक को लेकर मचा हड़कंप, ACP ने बताई पूरी बात
x
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश। वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र में एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पूछताछ की। मंदिर सुरक्षा कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की।
काशी जोन के एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को करीब दोपहर 12 बजे मंदिर सुरक्षा कर्मचारियों ने दशाश्वमेध थाना पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक को थाने लाकर पूछताछ शुरू की।
एसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह काम की तलाश में आया था, लेकिन सुबह तक उसे कोई काम नहीं मिला। भूख लगने के बाद कुछ लोगों ने उसे जानकारी दी कि अन्नपूर्णा क्षेत्र में भोजन की व्यवस्था होती है। इसके बाद वह खाना खाने के उद्देश्य से वहां पहुंचा था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि युवक से पूछताछ के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच में उसका उद्देश्य केवल भोजन प्राप्त करना बताया गया है।
मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए युवक को रोका और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।
Next Story