उत्तर प्रदेश

दोस्तों के साथ नहाने गया युवक तेज़ बहाव में बहा, परिजनों में मातम

Harrison
12 Aug 2023 3:13 PM GMT
दोस्तों के साथ नहाने गया युवक तेज़ बहाव में बहा, परिजनों में मातम
x
पीलीभीत। पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद उफनाई नदियों के बावजूद बरती जा रही लापरवाही हादसे का सबब बनी हुई है। दोस्तों के साथ नहाते वक्त एक किशोर देवहा नदी में डूब गया। जब तक साथी कुछ समझ पाते तेज बहाव में किशोर गुम हो गया। हालांकि तीन साथी नदी पार कर सुरक्षित पहुंच गए।इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम-सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। हादसे के बाद से परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
अमरिया क्षेत्र के ग्राम नगरिया कॉलोनी से करीब तीन सौ मीटर से देवहा नदी होकर गुजरी है। इन दिनों पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद छोड़े गए पानी के पहुंचने से नदी उफान पर है। जलस्तर काफी बढ़ चुका है और तेज बहाव है।
बता दें कि नगरिया कॉलोनी का रहने वाला 17 वर्षीय विशाल बढ़ोई पुत्र झोरु बढ़ोई शनिवार सुबह घर से निकला। इसके बाद अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ गांव के बाहर की तरफ से बह रही देवहा नदी में नहाने चला गया। चारों दोस्त नदी में नहाने लगे। इसी बीच तेज बहाव और गहरे पानी में पहुंचते ही विशाल डूबने लगा। साथी पानी अधिक और बहाव तेज होने की वजह से कुछ नहीं कर सके।
विशाल एक पल में नदी में डूबने के बाद दिखाई देना बंद हो गया। अन्य तीनों दोस्तों ने खुद को किसी तरह नदी पार कर सुरक्षित आए। दोस्त के डूबने की सूचना उसके परिवार वालों को दी गई। किशोर के नदी में डूबने का शोर मचते ही काफी संख्या में लोग जमा हो गए।
एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, सीओ सदर प्रतीक दहिया, तहसीलदार अभिनव सिंह चौहान, इंसपेक्टर कमल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी की। नदी में किशोर की तलाश कराई जा रही है लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं सका है।
Next Story