- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कार सवार महिला ने...

x
महिला टोल कर्मियों को पीटा
जालौन: जालौन में एक कार सवार महिला ने महिला टोल कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। आरोपी महिला बिना टोल दिए गाड़ी ले जाने की जिद्द पर अड़ी हुई थी। महिला टोल कर्मी उसको ऐसा करने से रोक रही थी। बहुत देर तक महिला टोल कर्मियों के रोकने पर उसने लात-घूसों से पिटाई शुरू कर दी। मामला झांसी कानपुर नेशनल हाईवे स्थित आटा टोल प्लाजा का है। सोमवार 3 बजे के करीब ये घटना हुई है। आरोपी महिला अपने साथी के साथ उरई से कानपुर जा रही थी। आरोपी महिला की कार का नंबर- UP16 BF 7802 है। फास्ट टैग न होने के कारण महिला की गाड़ी नहीं निकल पाई थी। मारपीट की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। आरोपी महिला के पति रोहित राठौर ने टोल कर्मियों के खिलाफ शिकायत की है। वहीं टोल कर्मियों ने महिला के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है।
मार-पिटाई का ये पूरा वीडियो टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। जो अब सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला कार से आ रही होती है। टोल पर खड़े कर्मी उसकी कार को रोकने का प्रयास करते हैं लेकिन वो कार से उतरकर बैरिकेडिंग हटाने लगती है। टोल कर्मी उसको रोकते हैं लेकिन लगातार बैरिकेडिंग हटाती रहती है। टोल कर्मियों की बात नहीं मानने पर महिला टोल कर्मी को मौके पर बुलाया जाता है। वो लोग उसे मौके से हटाने का प्रयास करती हैं लेकिन वो एक नहीं मानती उल्टा चिल्लाने लगती है। जिसके बाद 2-3 और महिला टोल कर्मियों को मौके पर भेजा जाता है। वो लोग भी उसको समझाती हैं लेकिन वो किसी की नहीं सुनती। इसी बीच एक महिला कर्मी उसका हाथ पकड़कर उसको हटाने लगती है। तभी आरोपी महिला टोल कर्मी पर हमला कर देती है। वो उसको बाल पकड़कर नीचे गिरा देती है। पीड़ित टोल कर्मी ने बताया, उस महिला ने उन लोगों के साथ काफी मारपीट की है। साथ ही धमकी भी दी है। पीड़िता का कहना है, वो बस अपना काम कर रही थी। उसके ऊपर ऑन ड्यूटी हमला हुआ है। वो इस मामले में सख्त कार्रवाई चाहती है। मारपीट में उसके सिर और हाथ पर भी चोटें आई हैं। उसका भी इलाज करवाया जाए। टोल मैनेजर आरिफ खान का कहना है, कार सवार की गाड़ी में फास्ट टैग नहीं लगा था। न ही वह टोल पर किसी प्रकार की रसीद कटवा रही थी। कार में सवार महिला ने बैरीकेट हटाने का प्रयास किया है। जिसे महिला टोल कर्मियों ने रोका। जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई है। वहीं मामले में आटा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप गौतम का कहना है, टोल पर हुई मारपीट की सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे थे। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की तरफ से इस मारपीट की शिकायत की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना का सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा है। जिस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story