- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पीडीए के नाम पर पासी...
उत्तर प्रदेश
पीडीए के नाम पर पासी समाज का वोट चाहती है सपा, नेतृत्व वंशवादियों को देती है: सूरज पासी
jantaserishta.com
23 Nov 2026 5:46 PM IST

x
बहराइच, 23 नवंबर। समाजवादी पार्टी के पीडीए को लेकर लाखन आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने सवाल उठाए हैं। रविवार को नानपारा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी को पीडीए के नाम पर पासी समाज का वोट तो चाहिए, लेकिन नेतृत्व कुछ राजनीतिक परिवारों को ही दिया जाता है। उन्होंने इंद्रजीत सरोज और तूफानी सरोज जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए सपा में वंशवादी राजनीति का मुद्दा उठाया। सूरज पासी ने सवाल किया कि क्या पासी समाज में इन परिवारों के अलावा कोई दूसरा व्यक्ति नेतृत्व करने के योग्य नहीं है? उन्होंने कहा कि पासी समाज को केवल वोट बैंक समझने की प्रवृत्ति बदलनी होगी।
पीडीए में पासी समाज की हिस्सेदारी पर उठाए सवाल
सूरज पासी ने कहा कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की भागीदारी का दावा करती है, लेकिन पासी समाज के नेतृत्व के सवाल पर उसकी राजनीति कुछ परिवारों तक सिमट जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय समाज के लोगों से समर्थन मांगा जाता है, जबकि नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की बात नहीं होती। उन्होंने सपा और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों से पासी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
कब तक दरी बिछाएगा पासी समाज, अपना नेतृत्व तैयार करे
सूरज पासी ने कहा कि पासी समाज का इतिहास वीर राजाओं और महाराजाओं का रहा है। कभी समाज के शासकों के पीछे हजारों लोग चलते थे। आज समाज के नौजवानों को दूसरे राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों में दरी बिछाने और कुर्सियां लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो लोगों के अधिकारों और सम्मान के लिए खड़ा हो। लाखन आर्मी इसी उद्देश्य से समाज में जागरूकता लाने का काम कर रही है।
हमारे पूर्वज सिर कटा सकते थे, सिर झुका नहीं सकते थे
सूरज पासी ने अंग्रेजी शासन के दौरान पासी समाज पर हुए अत्याचारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में समाज के लोगों को जन्मजात अपराधी घोषित करने वाले कानूनों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, परिवारों और बच्चों तक को पुलिस थानों में हाजिरी देने और उंगलियों के निशान दर्ज कराने पड़ते थे। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज सिर कटा सकते थे, लेकिन सिर झुका नहीं सकते थे। नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का इतिहास जानना चाहिए।
बच्चों को पढ़ाएं, उनके भीतर अपनी विरासत का गौरव जगाएं
सूरज पासी ने आरोप लगाया कि आज भी पासी समाज के बच्चों के साथ जातिगत भेदभाव होता है। कुछ स्थानों पर बच्चों को अलग बैठाने और उनमें हीन भावना पैदा करने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को शिक्षित करने के साथ पासी समाज के राजाओं, महाराजाओं और महापुरुषों के इतिहास से परिचित कराने की अपील की। उन्होंने लखीमपुर खीरी के जंगल क्षेत्र में बसे पासी समाज के गांव का उदाहरण देकर उनकी मेहनत और संघर्ष का उल्लेख किया।
महाराजा कंसा पासी के किले और शिव मंदिर के लिए संघर्ष जारी रहेगा
सूरज पासी ने लखनऊ स्थित महाराजा कंसा पासी के ऐतिहासिक किले और भगवान शिव के मंदिर पर कथित कब्जे का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि समाज की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए उनका अभियान जारी रहेगा। किले और मंदिर को कथित कब्जे से मुक्त कराने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।
गांव-गांव पहुंचकर समाज को जागरूक करेगी लाखन आर्मी
सूरज पासी ने कहा कि लाखन आर्मी राजनीतिक नहीं, सामाजिक संगठन है। इसका उद्देश्य समाज को उसके इतिहास, अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और गोंडा सहित आसपास के जिलों में गांव-गांव पहुंचने की बात कही। चुनाव के दौरान शराब, भोजन और रुपये के प्रलोभन से बचने तथा शिक्षा और सामाजिक एकजुटता को प्राथमिकता देने की अपील भी की।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





