- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- राजकुमार विकास कार्यों...
उत्तर प्रदेश
राजकुमार विकास कार्यों का प्रस्ताव ही नहीं भेज पाए, निधि खर्च करने में अलीगढ़ के माननीय
Admin4
27 Sep 2022 12:56 PM GMT

x
अलीगढ़। विधायक निधि खर्च करने में अलीगढ़ के माननीय पीछे चल रहे हैं। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के छह महीने पूरे हो चुके हैं और विधायकों के पास विधायक निधि के डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपए आ चुके हैं। लेकिन जिले के विधायक विकास कार्यों का प्रस्ताव ही नहीं भेज पाए हैं।
हालात यह हैं कि जिले के सिर्फ तीन विधायकों ने ही अपने क्षेत्र में विकास के लिए अपने डेढ़ करोड़ की निधि का समूचा इस्तेमाल किया है। बाकी के अन्य विधायकों ने अभी इसमें एक भी रुपया खर्च नहीं किया है। इसमें बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह भी शामिल हैं। उनकी ओर से अभी कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है।
विकास के लिए मिलते हैं 5 करोड़
हर विधायक को अपने क्षेत्र में विकास करने के लिए 5 करोड़ रुपए की विधायक निधि मिलती है। प्रदेश सरकार के छह महीने पूरे होने से पहले ही मई माह में सभी विधायकों को निधि की पहली किश्त 1.5 करोड़ रुपए जारी कर दी गई थी।
लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी जिले के सिर्फ तीन विधायकों ने ही विकास के प्रस्ताव भेजे हैं। प्रस्ताव भेजने में सबसे आगे छर्रा विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह रहे हैं। इसके साथ ही बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह और राजस्व राज्यमंत्री व खैर विधायक अनूप प्रधान ने भी विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव भेज दिए हैं। जिसकी डीपीआर बन रही है।
किसने कितने का भेजा है प्रस्ताव
विधायक - विधानसभा क्षेत्र - बजट - प्रस्ताव - स्थिति
अनूप प्रधान - खैर - -1.5 करोड़ - 1.5 करोड़ - कार्य चल रहा
ठा. जयवीर सिंह - बरौली - 1.5 करोड़ - 1.5 करोड़ - कार्य चल रहा
ठा. रवेंद्र पाल सिंह - छर्रा - 1.5 करोड़ - 1.5 करोड़ - कार्य चल रहा
मुक्ता राजा - शहर - 1.5 करोड़ - 70 लाख - प्रस्ताव भेजा
अनिल पराशर - कोल - 1.5 करोड़ -
संदीप सिंह - अतरोली - 1.5 करोड़ -
राजकुमार सहयोगी - इगलास - 1.5 करोड़ -
बोले माननीय
1-विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार करके भेज दिया गया है। इसमें 15 से 20 काम हैं जो कराए जाने हैं। - अनिल पराशर, विधायक कोल
2-विकास कार्यों का प्रस्ताव जा चुका है। विभाग वार डीपीआर तैयार कराया जाएगा और जल्दी काम शुरू हो जाएगा। - राजकुमार सहयोगी, विधायक इगलास
3-अलीगढ़ में विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ 1 करोड़ की राशि को अन्य जिलों में स्थानांतरित कराया जा रहा है। - डॉ मानवेंद्र सिंह, स्नातक विधायक
4-क्षेत्र में सड़क निर्माण से लेकर गेट निर्माण जैसे विभिन्न काम किए जाएंगे। इसके लिए डीपीआर भेज दी गई है। - चौ. ऋषिपाल सिंह, एमएलसी
बोले अधिकारी
डीआरडीए के पीडी भालचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि विकास के लिए आई विकास निधि के इस्तेमाल के लिए माननीयों के प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। कुछ कार्यों के लिए अभी भी प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। जिनके प्रस्ताव आ रहे हैं, संबंधित विभाग से डीपीआर तैयार करके काम शुरू कराया जा रहा है।
न्यूज़ क्रेडिट: newspoint24
Next Story