उत्तर प्रदेश

बीते छह साल में यूपी में बाघों की बढ़ गई संख्या

Shreya
23 July 2023 4:09 AM GMT
बीते छह साल में यूपी में बाघों की बढ़ गई संख्या
x

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पौधरोपण अभियान से पिछले छह वर्षों में जहां राज्य के हरित क्षेत्रफल में वृद्धि हुई है, वहीं बाघों की संख्या भी बढ़ी है। योगी आदित्यनाथ सरकार का दावा है कि पौधरोपण अभियान से प्रदेश में वन्य जीवों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता का दावा है कि प्रदेश की सत्ता संभालते ही पर्यावरण को लेकर गंभीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे अधिक जोर प्रदेश की हरितिमा बढ़ाने पर दिया। इसी का नतीजा है कि वृक्षारोपण महाभियान 2023 से पहले ही योगी सरकार 2017-18 से लेकर 2022-23 तक प्रदेश में कुल 136.98 करोड़ पौधे रोपने का रिकॉर्ड कायम कर चुकी है। इसमें वन विभाग की ओर से जहां 49.88 करोड़ पौधे रोपे जा चुके हैं। वहीं अन्य विभागों की ओर से 82.10 करोड़ पौधे बीते वर्ष तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रोपे जा चुके हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि बीते छह साल की बात करें तो 2017-18 में 5.72 करोड़, 2018-19 में 11.77 करोड़, 2019-20 में 22.60 करोड़, 2020-21 में 25.87 करोड़, 2021-2022 में 30.53 करोड़ और 2022-23 में 35.49 करोड़ पौधे रोपित किये जा चुके हैं। यही कारण है कि भारतीय वन सर्वेक्षण कि रिपोर्ट के अनुसार उप्र में वनाच्छादन एवं वृक्षाच्छादन क्षेत्र में खासा इजाफा हुआ है। जहां वनाच्छादन में कुल 417 वर्ग किलोमीटर (0.18 प्रतिषत) की वृद्धि हुई है। वहीं वृक्षाच्छादन में अबतक 377 वर्ग किलोमीटर (0.16 प्रतिषत) की वृद्धि रिकार्ड की गई है। प्रदेश के संपूर्ण हरित क्षेत्र में वृद्धि की बात करें तो 9.23 प्रतिशत की कुल वृद्धि के साथ ही इसमें 794 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हो चुकी है।

न सिर्फ बढ़ी हरियाली, जीवों को भी मिला संरक्षण

उन्होंने बताया कि बीते छह साल से जारी पौधरोपण महाभियान का ही नतीजा है कि प्रदेश के हरित क्षेत्रफल में न सिर्फ वृद्धि दर्ज की गई है, बल्कि वृक्षों के समुचित संरक्षण के फलस्वरूप वन्य जीवों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। प्रदेश में राष्ट्रीय पशु बाघ की संख्या विगत पांच साल में 118 से बढ़कर 173 हो गयी है। इसी प्रकार हाथियों की संख्या भी 265 से बढ़कर 352 हो गयी है। यही नहीं राज्य पक्षी सारस की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विगत पांच वर्षों में सारस की संख्या 13,670 से बढ़कर 17,586 हो गयी है।

पर्यावरणीय असंतुलन को खत्म करने में मिलेगी मदद

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार योगी सरकार प्रदेश में विभिन्न प्रजातियों के पौधों को रोपित करने पर विशेष फोकस कर रही है, जिससे पर्यावरणीय असंतुलन को खत्म करने के साथ ही समावेशी विकास की अवधारणा को भी बल प्रदान किया जा सके। इसके तहत सागौन, शीशम, जामुन, अर्जुन, अमरूद, सहजन, आंवला, नीम और बांस जैसे वृक्षों को रोपने पर सबसे ज्यादा बल दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर प्रदेश में सबसे अधिक औद्योगिक एवं इमारती वृक्षों को लगाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा फलदार, औषधीय एवं सुगंधित, पर्यावरणीय और चारा, शोभाकार एवं अन्य पौधों को प्रदेश के हर हिस्से में रोपित किया गया है।

Next Story