उत्तर प्रदेश

बेटी से छेड़खानी करने वाले युवक की हत्या, जंगल में फेंका शव

Rani Sahu
4 July 2022 4:55 PM GMT
बेटी से छेड़खानी करने वाले युवक की हत्या, जंगल में फेंका शव
x
बेटी से छेड़खानी करने वाले युवक की हत्या

अलीगढ़ में एक पिता ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर बेटी से छेड़खानी करने वाले युवक की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। आरोपी ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उसके कत्ल का पहले ही ऐलान किया था। पुलिस ने तीन सगे भाइयों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तीनों की तलाश की जा रही है।

गंगीरी के नगला हिमाचल निवासी 30 वर्षीय रजनेश का शव सोमवार तड़के गांव के पास जंगल में पड़ा मिला। सुबह शौच को गए लोगों ने जानकारी मृतक के भाई विजनेश को दी तो वह दौड़ते हुए जंगल में घटनास्थल पर पहुंचा। विजनेश का आरोप है कि वहां से रामरहीश पुत्र मैकू, उसके भाई राजवीर और सर्वेश भाई की हत्या कर भाग रहे थे। सूचना देकर मौके पर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। विजनेश की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने तीनों नामजदों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नाबालिग को भगा ले गया युवक
मृतक रजनेश के विषय में पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों के परिवार की एक युवती से छेड़खानी के आरोप में दस दिन पूर्व उस पर मुकदमा दर्ज हुआ था। रजनेश अलीगढ़ शहर में बेलदारी का काम करता है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार था। परिवार वालों ने बताया है कि वह रविवार रात को घर लौटा था। रात में ही कोई उसे बुलाकर ले गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। सुबह जंगल में उसकी हत्या किए जाने की जानकारी मिली।
ऐलानिया कत्ल रोकने के हुए थे समझौते के प्रयास
रजनेश के परिवार ने बताया कि रामरहीश और उनके परिवार के सदस्यों ने मर्डर करने का ऐलान किया था। परिवार इस बात से भयभीत था। गांव के लोगों ने दोनों पड़ोसी परिवारों के बीच सुलह समझौते ही कोशिश भी की थी। लेकिन यह कोशिश रंग नहीं लाई और खुन्नस खाए परिवार ने कत्ल को अंजाम दे डाला।
एसपी देहात पलाश बंसल ने बताया कि गंगीरी के नगला हिमाचल में हुई हत्या के संबंध में तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। उनके द्वारा दस दिन पूर्व रजनेश पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें रजनेश फरार चल रहा था। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है।


Rani Sahu

Rani Sahu

    Next Story