- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- पूर्व सैनिक की हत्या,...

x
मध्य प्रदेश में 25 जून से पंचायत चुनाव होने हैं। प्रदेश में इस चुनाव को लेकर सियासी पारा गरम है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क | मध्य प्रदेश में 25 जून से पंचायत चुनाव होने हैं। प्रदेश में इस चुनाव को लेकर सियासी पारा गरम है। लेकिन इस बीच जिला पंचायत सदस्य के लिए इस चुनाव में ताल ठोकने वाले एक उम्मीदवार की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन शर्मा की लाश एक कुएं से बरामद की गई है। जिसके बाद यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या की गई है। यह भी कहा जा रहा है कि चुनावी रंजिश में उन्हें मौत के घाट उतारा गया है।
घटना शिवपुरी जिले की है। जिले के खनियाधाना इलाके के बामोर कला में सेना के रिटायर्ड सैनिक ब्रजमोहन शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पत्थर और रस्सी से बंधा हुआ कुएं में मिला है। शव मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूर्व सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। साथ ही इस मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
बता दें कि दो दिन पहले से यह पूर्व सैनिक घर से गायब हो गये थे। जिसके बाद परिजनों ने बामोर थाना कला में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था और उसके बाद पूर्व सैनिक की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही थी। बामौर कला थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई ने बताया कि रिजोदी गांव के पास एक खेत में बने कुएं में शव मिलने की सूचना मिली।
मौके पर जाकर पड़ताल की गई तो शव की पहचान पूर्व सैनिक ब्रजमोहन शर्मा के रूप में हुई। मृतक का शव कुएं में पत्थर से बांधकर फेंक दिया गया था। साथ ही मृतक के पैर को तौलिया से बांधा गया था। पुलिस की प्रथम जांच के आधार पर यह पता लगा है कि पूर्व सैनिक की हत्या की गई है। हत्या करने के बाद सैनिक के शव को बांधकर कुएं में फेंक दिया गया है।
मृतक के परिजनों ने बताया है कि मृतक बृजमोहन शर्मा ने कारगिल युद्ध में भी अपना पराक्रम दिखाया था। जिसके बाद वह सूबेदार के पद से रिटायर होकर 27 साल बाद अपने गांव वापस आ गए थे। गांव में आकर वह राजनीति में सक्रिय हो गये। ब्रजमोहन शर्मा पिछली बार भी सरपंच चुनाव लड़े थे लेकिन वह 17 वोट से हार गए थे
इस बार उन्होंने जिला पंचायत सदस्य के उम्मीदवार के तौर पर दावेदारी की थी। उनकी मौत को चुनावी रंजिश के एंगल से भी देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और इसकी पड़ताल में जुट गई है।

Teja
Next Story