- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Indirapuram में चेन...
Indirapuram में चेन लूटने पहुंचे बदमाश को बाइक गिरने पर पुलिस ने पकड़ा

इंदिरापुरम: थानाक्षेत्र के नीतिखंड दो स्थित बाजार में महिला के गले से चेन खींचकर भागते समय बदमाश की बाइक फिसल गई। उसके गिरते ही लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी नंदग्राम के घुकना स्थित त्यागी मार्केट का रहने वाला बॉबी है। आठ अप्रैल की शाम करीब 3:12 बजे वह दूसरी बार चेन स्नैचिंग करने पहुंचा था। इससे पहले सात अप्रैल को उसने इंदिरापुरम क्षेत्र में ही होटल के बाहर युवक के गले से चेन खींचने की वारदात की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया।
शिप्रा सनसिटी निवासी सुनीता कुमारी ने पुलिस को बताया कि आठ अप्रैल की शाम करीब तीन बजे वह बाजार खरीदारी करने गई थीं। नीतिखंड दो स्थित पतंजलि स्टोर के पास एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनके गले से चेन खींची और भागने लगा। तभी अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह गिर गया। तभी लोगों ने उसे दबोच लिया। नाम पूछने पर उसने खुद को घुकना निवासी बॉबी बताया। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि यह उसकी दूसरी वारदात थी। इससे पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में ही पहली वारदात की थी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सुनीता कुमारी की तहरीर पर बॉबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
चेन छीनने के दौरान युवक हुआ था चोटिल: एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सात अप्रैल की रात बॉबी ने चेन स्नैचिंग की पहली वारदात की थी। घटना साहिबाबाद थानाक्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी अभिषेक श्रीवास्तव के साथ हुई थी। सात अप्रैल की रात करीब 10 बजे अभिषेक अपनी पत्नी के साथ वसुंधरा सेक्टर 13 स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। रेस्टोरेंट के बाहर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनके गले से चेन खींची और भाग गया था। इस दौरान अभिषेक के गले और हाथ पर खरोंच के निशान भी आए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी बॉबी ने वारदात करने की बात स्वीकार की है।





