उत्तर प्रदेश

पैसों का विवाद होेने पर प्रेमी ने घोंटा था युवती का गला

Kajal Dubey
25 July 2022 5:25 PM GMT
पैसों का विवाद होेने पर प्रेमी ने घोंटा था युवती का गला
x
पढ़े पूरी खबर
झांसी। प्रेमनगर में युवती की हत्या का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पैसों के विवाद में उसने ही गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी और शव बालू के ढेर के नीचे दबाकर भाग निकला। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
एसपी (सिटी) विवेक त्रिपाठी के मुताबिक 18 जुलाई को गोकुलपुरी कॉलोनी के खाली पड़े प्लॉट में बालू के ढेर से आरती पुत्री ज्ञान सिंह निवासी इटावा का शव बरामद हुआ था। जांच-पड़ताल में मालूम हुआ कि आरती का विवाह इटावा के नगला शवी गांव निवासी अनुज से हुआ था। आरोपी युवक प्रभात (34) निवासी प्रेमनगर के पुलिया नंबर नौ ट्रक में क्लीनर था। उसका ट्रक आरती की ससुराल के सामने खड़ा होता था। यहीं से आरती के साथ प्रेम संबंध बन गए। पिछले साल वह आरती को लेकर झांसी भाग आया। यहां दोनों साथ में रहने लगे। आरती पर पैसे खर्च करने के लिए उसने अपना मकान भी गिरवी रख दिया। कुछ समय बाद पैसे खत्म होने पर आरती बहाना बनाकर वापस लौट गई। कुछ समय बाद प्रभात को आरती के दूसरी शादी करने की बात मालूम चली। इसको लेकर प्रभात और आरती में झगड़ा हुआ। आरती ने तलाक लेकर फिर से प्रभात के साथ रहने की बात मान ली। पुलिस का कहना है तलाक लेने के एवज में आरती ने प्रभात से मोटी रकम ऐंठ ली। काफी समय बाद भी आरती ने तलाक नहीं लिया उल्टे प्रभात से पैसे की डिमांड करती रही। इसको लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हुआ। इससे नाराज होकर उसने आरती को मारने का प्लान बना लिया। 13 तारीख को फोन करके उसने आरती को झांसी बुलाया। आरती के भाई को बहाने से भेजकर प्रभात उसे लेकर गोकुलपुरी कॉलोनी पहुंचा और मौका देखकर उसकी साड़ी का फंदा बनाकर गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव वहीं बालू के ढेर में दबाकर भाग निकला। इंस्पेक्टर संजय शुक्ला के मुताबिक आरती के पिता को प्रभात के बारे में मालूम था। उन्होंने ही पुलिस को उसके बारे में बताया। सुरागकशी के बाद पुलिस ने उसे इलाहाबाद-बांदा क्रासिंग के पास से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
Next Story