- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Darshan कर लौट रहे...

Mirzapur मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ड्रमण्डगंज थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लहुरियादह गांव के पास वाराणसी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी ट्रक से तेज रफ्तार कार पीछे से टकरा गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित कुल छह लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब दो बजे हुआ। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र निवासी विकास ताम्रकार (35) अपनी पत्नी सोनम, दो छोटे बच्चों शिवांश (4) और रुद्र (2) तथा अन्य परिजनों के साथ वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर घर लौट रहे थे। कार को सतना निवासी हीरालाल चला रहा था।ड्मण्डगंज के पुलिस उपाधीक्षक अमर बहादुर ने बताया कि लहुरियादह गांव के पास हाईवे पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, तभी पीछे से आ रही कार उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में विकास ताम्रकार और उनकी पत्नी सोनम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो मासूम बच्चे शिवांश और रुद्र सुरक्षित बताए जा रहे हैं। चालक हीरालाल सहित अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही हैपुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।





