उत्तर प्रदेश

आधी रात सिलेंडर फटा! आंखों के सामने जलता रहा घर, चाहकर भी नहीं बचा सका पत्नी और बेटियों को

jantaserishta.com
20 Nov 2026 10:52 AM IST
आधी रात सिलेंडर फटा! आंखों के सामने जलता रहा घर, चाहकर भी नहीं बचा सका पत्नी और बेटियों को
x
तीन जिंदगियां खत्म.
शामली: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बाबरी थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी निवासी साजिद के मकान में भीषण आग लग गई. घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए जोरदार धमाके के कारण यह भयानक हादसा हुआ. इस दौरान कमरे में सो रही साजिद की पत्नी साजिदा (31) और उनकी दो बेटियां अदन (13) व माहिरा (11) आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं. जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया. बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी साजिद चाह कर भी फौरन मदद नहीं कर पाए और ना ही आस-पड़ोस का कोई व्यक्ति सहायता कर सका.
बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे साजिद अपने परिवार के साथ मकान में गहरी नींद में सो रहे थे. तभी अचानक घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर में आग भड़क उठी. इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते या बाहर निकल पाते, सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके के साथ आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.
सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े. ग्रामीणों ने तत्काल बाबरी थाना पुलिस को इस घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मकान में लगी भीषण आग पर काबू पाया.
आग बुझाने के बाद गंभीर रूप से झुलसी साजिदा और उनकी दोनों बेटियों अदन व माहिरा को एंबुलेंस की मदद से शामली के जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर, घर में रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं.
एक ही परिवार की तीन जिंदगियां खत्म होने की खबर फैलते ही पूरे गांव खेड़ी में शोक की लहर दौड़ गई. गुरुवार तड़के से ही साजिद के घर पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई. मां और दोनों बेटियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story